धान पर प्रति एकड़ 30 हजार रुपये मुआवजा दे सरकार : महेश्वर रेड्डी

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता ए. महेश्वर रेड्डी ने मोंथा तूफान के कारण किसानों को हुए फसल नुकसान की भरपाई को लेकर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार पर उपेक्षित रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए किसानों को धान पर प्रति एकड़ 30 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पर किसानों की समस्याओं के बदले जुबली हिल्स चुनाव जीतने पर अधिक ध्यान देने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायुडू से सीखने की सलाह देते हुए कहा कि किसानों की फसलों के नुकसान का जायजा लेकर नायुडू ने अधिकारियों के साथ समीक्षा की और सभी को अलर्ट कर दिया है।
महेश्वर रेड्डी ने कहा कि गत अप्रैल, मई में भी तेलंगाना में बाढ़ का जायजा लेकर रेवंत सरकार ने प्रति एकड़ 10 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी, परंतु अब तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई जाकर कांग्रेस नेता की शादी में अभिनेता सलमान खान के साथ फोटो खिंचवाकर मुख्यमंत्री ने जुबली हिल्स में वोट पाने के लिए फोटो वायरल कर ली, परंतु किसानों की ओर ध्यान नहीं है।
यह भी पढ़ें… देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं अजहर : किशन रेड्डी
रेवंत सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप
महेश्वर रेड्डी ने पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने को लेकर भी कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि क्रिकेट में मैच फिक्सिंग कर देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाले मैच फिक्सर देशद्रोही को कांग्रेस ने मंत्री बनाया है। यह साफ तौर पर अल्पसंख्यक तुष्टीकरण करने और मुसलमानों को खुश करने के उद्देश्य से ही है। उन्होंने कहा कि मजलिस सांसद असदुद्दीन ओवैसी ऊपर शेरवानी पहनते हैं, परंतु मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ऊपर तो पैंट शर्ट पहनते हैं और अंदर शेरवानी।
महेश्वर रेड्डी ने कहा कि अल्पसंख्यकों को खुश करने रेवंत सरकार ने जुबली हिल्स स्थित पेद्दम्मागुड़ी को नुकसान पहुंचाया, वहीं मुसलमानों को कब्रिस्तान के लिए भूमि दी। यह तुष्टीकरण ही है। उन्होंने गौरक्षक पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पहले निजामाबाद में पुलिस कांस्टेबल पर चाकू से चलाया गया। भैंसा में भी पुलिस कांस्टेबल पर भी हमला किया गया। इन सारी घटनाओं को अंजाम देने वाले एक वर्ग विशेष से संबंध रखते हैं, परंतु मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दरअसल राज्य में कांग्रेस सरकार का स्टीयरिंग मजलिस के हाथों में है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





