भारत-अमेरिका टाइगर ट्राइंफ अभ्यास का भव्य उद्घाटन
नई दिल्ली, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) जल-थल अभ्यास का चौथा संस्करण, ‘टाइगर ट्रायम्फ 2025, बुधवार को विशाखापत्तनम में शुरू हुआ।भारत और अमेरिका के बीच मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) जल-थल अभ्यास ‘टाइगर ट्रायम्फ 2025’ का चौथा संस्करण 1 अप्रैल 2025 को विशाखापत्तनम में शुरू हुआ। इस बहुपक्षीय अभ्यास का उद्घाटन भारतीय नौसेना के आईएनएस जलाश्व (एल41) पर किया गया। यह अभ्यास अमेरिका-भारत के सामरिक समुद्री सहयोग और रक्षा साझेदारी को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर HADR गतिविधियों के दौरान समन्वय और संयुक्त अभियान क्षमताओं को विकसित करना है।

सैन्य साझेदारी और संयुक्त प्रशिक्षण
इस अभ्यास का बंदरगाह चरण 1 से 7 अप्रैल 2025 तक विशाखापत्तनम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें दोनों देशों की सेनाएं समुद्र में संयुक्त प्रशिक्षण अभियानों की योजना बनाकर उन्हें निष्पादित करेंगी। अभ्यास के दौरान आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया, साइबर सुरक्षा, समुद्री रणनीतियां और अंतरिक्ष क्षेत्र में संयुक्त युद्धाभ्यास किए जाएंगे। साथ ही, विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (SMEE) कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिससे दोनों सेनाओं को सर्वोत्तम सैन्य रणनीतियों और प्रक्रियाओं को साझा करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त, इस चरण में सैन्य खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक स्थलों के दौरे भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे दोनों देशों के रक्षा कर्मियों के बीच आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

समुद्री चरण और सैन्य भागीदारी
अभ्यास का समुद्री चरण 8 से 12 अप्रैल 2025 तक चलेगा, जिसमें भारतीय और अमेरिकी नौसेनाएं संयुक्त सैन्य कमान एवं नियंत्रण केंद्र के तहत जल, थल और HADR अभियानों का संचालन करेंगी। काकीनाडा में एक संयुक्त मानवीय राहत और चिकित्सा शिविर भी स्थापित किया जाएगा। भारतीय नौसेना आईएनएस जलाश्व, आईएनएस मुंबई, आईएनएस शक्ति सहित अन्य युद्धपोतों और वायुसेना के सी-130 व एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों की मदद से इस अभ्यास में भाग ले रही है। अमेरिकी टास्क फोर्स में यूएसएस कॉमस्टॉक, यूएसएस राल्फ जॉनसन, पी-8ए पोसाइडन विमान और मैरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट शामिल हैं। ‘टाइगर ट्रायम्फ 2025’ भारत-अमेरिका के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगा और आपदा प्रबंधन में सैन्य क्षमताओं को बेहतर बनाने में मदद करेगा।( PIB)
यह भी पढ़ें— बनासकांठा हादसे 18 मजदूरों की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





