भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान में हिन्दी चेतना मास आरंभ

हैदराबाद, भाकृअनुप-भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद में हिन्दी चेतना मास आरंभ हुआ। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ भाकृअनुप गान के प्रदर्शन से हुआ। डॉ. जी. श्याम प्रसाद, प्रभारी निदेशक, भाश्रीअनुसं ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह के शुभारंभ की घोषणा की। डॉ. जिनु जेकब, वैज्ञानिक एवं प्रभारी अधिकारी, हिन्दी कक्ष ने समारोह में उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए बताया कि यह समारोह हर वर्ग को एक मंच पर लाने का अवसर है और हमारी राजभाषा यही कार्य कर रही है।

तत्पश्चात डॉ. श्याम प्रसाद ने संस्थान के सभी कार्मिकों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई। ऋतु दलाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा शेख रुकमान, वित्त एवं लेखा अधिकारी ने क्रमश शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के संदेश तथा डॉ. मांगी लाल जाट, सचिव, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग तथा महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की अपील का वाचन किया।

यह भी पढ़ें… प्रतिभूति मुद्रणालय, हैदराबाद में हिन्दी पखवाड़े का शुभारंभ

हिन्दी चेतना मास में प्रतियोगिताएँ और संदेश

डॉ. महेश कुमार, सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी (राजभाषा) ने हिन्दी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संपूर्ण विश्व में हिन्दी के बढ़ते वर्चस्व के बारे में बताया। उन्होंने हिन्दी चेतना मास के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं (निबंध, लेखन, अनुवाद, आशुभाषण, प्रश्नमंच आदि) तथा हिन्दी में हस्ताक्षर अभियान के संबंध में जानकारी प्रदान की।

डॉ. श्याम प्रसाद ने संस्थान के अधिकारियों को हिन्दी चेतना मास समारोह के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि हमारे कार्यों की सार्थकता तभी सिद्ध हो सकती है, जब उनके प्रयोक्त अर्थात किसान उनका उपयोग कर सकें और यह केवल हिन्दी एवं स्थानीय भाषाओं के प्रयोग से ही संभव है। हमारी भाषाओं का विकास देश एवं संस्कृति के विकास का महत्वपूर्ण अंश है। उन्होंने कहा कि हमें इस संपूर्ण चेतना मास के दौरान हस्ताक्षर अवश्य ही हिन्दी में करने चाहिए। इस प्रयोजन से हमने एक आदेश भी जारी किया है।

डॉ. महेश कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का समन्वय तथा संचालन डॉ. सी. तारा सत्यवती के दिशा-निर्देश में डॉ. जिनु जेकब तथा डॉ. महेश कुमार द्वारा किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button