भिड़े माननीय, संसद परिसर में धक्का-मुक्की से भाजपा के दो सांसद घायल
नई दिल्ली, संसद परिसर में बृहस्पतिवार को राजनीतिक कड़वाहट की पराकाष्ठा उस वक्त देखने को मिली जब बाबासाहेब अंबेडकर से संबंधित मुद्दे पर विपक्ष और सत्तापक्ष के सदस्य प्रदर्शन करते हुए एक- दूसरे के सामने आ गए तथा कथित तौर पर धक्का-मुक्की की।
इसमें भारतीय जनता पार्टी के दो सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत चोटिल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मुख्य विपक्षी कांग्रेस का आरोप है कि उसके अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी समेत कई महिला सांसदों के साथ सत्तापक्ष के लोगों ने धक्का-मुक्की की। अनुराग ठाकुर और बाँसुरी स्वराज सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गबंधन (राजग) के तीन सांसदों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को एक शिकायत देकर, उन पर संसद में धक्का-मुक्की के दौरान शारीरिक हमला और उकसावे में शामिल होने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ, कांग्रेस नेताओं ने भी खड़गे के साथ भाजपा सांसदों के कथित दुर्व्यवहार को लेकर संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई। खड़गे का कहना है कि भाजपा सांसदों ने उन्हें धक्का दिया जिसकी वजह से उनका संतुलन बिगड़ गया और उन्हें वहीं पर नीचे बैना पड़ गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के धक्का-मुक्की करने से 69 वर्षीय सारंगी घायल हो गए और उनके सिर पर टाँके लगाए गए हैं। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी अस्पताल में भर्ती कराए गए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सब गृह मंत्री अमित शाह की खाल बचाने के लिए रची गईर साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों ने डंडे ले रखे थे और उन्होंने गुंडागर्दी की।
राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा सांसदों ने उन्हें और अन्य विपक्षी सदस्यों को संसद भवन में जाने से रोका और धक्का-मुक्की की। गृह मंत्री अमित शाह की, बाबासाहेब अंबेडकर से संबंधित टिप्पणी को लेकर विरोध जताते हुए विपक्षी सदस्यों ने मार्च निकाला तो भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर बाबासाहेब के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। (भाषा)