मानवाधिकार आयोग ने किया गांधी अस्पताल का औचक निरीक्षण
हैदराबाद, तेलंगाना राज्य मानवाधिकार आयोग (टीजीएचआरसी) ने आज सिकंदराबाद स्थित गांधी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में आयोग ने अस्पताल की समग्र कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए बाल चिकित्सा सर्जरी विभाग की विशेष रूप से सराहना की।
निरीक्षण दल का नेतृत्व आयोग के अध्यक्ष डॉ. जस्टिस शमीम अख्तर ने किया। उनके साथ न्यायिक सदस्य सिवादी प्रवेणा और गैर-न्यायिक सदस्य डॉ. बी. किशोर भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सचिव एवं सीईओ ए.एन. कान्ति वेस्ली , उप-पंजीयक सह अध्यक्ष के निजी सचिव बी.वी.ए. विजय, जनसंपर्क अधिकारी सह प्रशासनिक अधिकारी पी. श्रीनिवास राव तथा डीएसपी रामुलु भी साथ थे।
अस्पताल पहुंचने पर अधीक्षक डॉ. वाणी ने वरिष्ठ चिकित्सकों, आरएमओ, अन्य डॉक्टरों तथा स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ आयोग के दल का स्वागत किया। आयोग ने सबसे पहले आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया और वहां के चिकित्सा कर्मियों से बातचीत की। उसके बाद जेरियाट्रिक विभाग, बाल रोग विभाग, बाल शल्य चिकित्सा विंग तथा अन्य विभागों का भी दौरा किया।
यह भी पढ़े : हैदराबाद : राजा सिंह ने किया गोशामहल में विकास कार्यों का शिलान्यास
निरीक्षण के दौरान आयोग ने अस्पताल द्वारा संधारित कुछ अभिलेखों की भी जांच की। निरीक्षण के उपरांत अस्पताल अधीक्षक के कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में माननीय अध्यक्ष डॉ. जस्टिस शमीम अख्तर ने निरीक्षण के उद्देश्य और निष्कर्षों की जानकारी दी। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए विशेष रूप से बाल शल्य चिकित्सा विभाग की उत्कृष्ट सेवाओं की प्रशंसा की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



