थाने में ऑटो चालक की मौत पर मानवाधिकार आयोग का नोटिस
नयी दिल्ली, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हैदराबाद के एक थाने में कथित तौर पर शारीरिक यातना दिए जाने के बाद एक ऑटो-रिक्शा चालक की मौत के मामले से जुड़ी खबरों पर संज्ञान लेते हुए बृहस्पतिवार को तेलंगाना के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है।
परिवार का आरोप: पुलिस की मारपीट से हुई इरफान की मौत
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक से दो सप्ताह में रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है।एक बयान के मुताबिक, आयोग ने मीडिया में जारी एक खबर पर स्वतः संज्ञान लिया है। खबर में 13 मई, 2025 को तेलंगाना के हैदराबाद के राजेंद्रनगर थाने में पुलिस द्वारा कथित तौर पर शारीरिक यातना दिए जाने के बाद 35 वर्षीय एक ऑटो-रिक्शा चालक की मौत होने का जिक्र था। आयोग ने कहा कि अगर खबर सत्य है, तो यह मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। आयोग ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मीडिया में 14 मई को जारी खबर के अनुसार, ऑटो चालक का अपनी पत्नी से कुछ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला उसे थाने ले गई थी। खबर के मुताबिक, “दंपति की काउंसलिंग के बाद व्यक्ति को एक कमरे में ले जाया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने उसे रबड़ की बेल्ट से बुरी तरह पीटा। एक घंटे बाद, जब वह थाने से बाहर आया, तो उसे उल्टी होने लगी और वह गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” (भाषा)
यह भी पढ़ें– सेवन सीज़ इंटरटेनमेंट ने लॉन्च किए तीन नए गेम्स
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





