हैदराबाद : शैक्षणिक संस्थान में गांजा फूंकते मिले 11 छात्र
हैदराबाद, हैदराबाद नारकोटिक्स पुलिस ने ईगल फोर्स के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत बेगमपेट के एक प्रतिष्ठित होटल प्रबंधन संस्थान में 11 छात्रों को गांजे का सेवन करते हुए हिरासत में लिया। सभी 11 छात्रों ने गांजा सेवन करने की पुष्टि की और परीक्षण करने पर 6 छात्रों की रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में ईगल के निदेशक संदीप शांडिल्य ने बताया कि इसके पहले भी महिपाल विश्वविद्यालय उडपी के कुछ छात्रों को गांजा और ड्रग्स का सेवन करने और उसकी तस्करी करने के मामले में हिरासत में लिया गया था।
इसके आधार पर ही पुलिस ने होटल प्रबंधन संस्थान के छात्र साक्षी ईमालिया (22), मोहित शाही (21) शुभम रावत (27), कैरोलीना सिंथिया हैरिसन (19), अरिक जोनाथन एंटोनी (21) और लोया बरुहा (22) हिरासत में लिया, जिनकी जाँच पॉजीटिव पाई गई थी। सभी 6 छात्र होटल प्रबंधन के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 27(बी) के तहत मामले दर्ज किए गए। इन छात्रों से उनके अभिभावकों के समक्ष परामर्श किया गया और अभिभावकों की रजामंदी पर उन्हें डी एडिक्शन सेंटर भेज दिया गया।
यह भी पढ़े: हैदराबाद : आबकारी पुलिस ने नामपल्ली-खम्मम में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया
संदीप ने बताया कि मोहित शाही को इसके पहले मणिपाल विश्वविद्यालय में पढ़ाई करते समय गांजा सेवन और ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। संदीप शांडिल्य ने शैक्षणिक संस्थानों और अभिभावकों की लापरवाही पर चिंता जताई और उन्हें अपने बच्चों के व्यवहार पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी। बच्चों के व्यवहार में किसी भी प्रकार का बदलाव देखने पर उनके साथ तुरन्त परामर्श कर उन्हें सही राह पर लाने की आवश्यकता जताई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





