हैदराबाद : अदलूरी लक्ष्मण ने भारास पर लगाया शिक्षा व कल्याण को भ्रष्ट करने का आरोप
हैदराबाद, अनुसूचित जाति, जनजाति व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अदलूरी लक्ष्मण कुमार ने पूर्व भारास सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल में शिक्षा और कल्याण दोनों को भ्रष्ट कर दिया था। उन्होंने कहा कि इन दोनों क्षेत्रों में पूर्व सरकार ने जो गलतियाँ कीं, जो अनियमितता बरती, उसे वर्तमान कांग्रेस सरकार सुधार रही है। उन्होंने कहा कि भारास सरकार के मुख्यमंत्री व मंत्री अपने आपको राजा और मंत्री मानते हुए एक दशक तक इन दोनों विभागों की पूरी तरह से उपेक्षा की है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अदलूरी लक्ष्मण कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वर्तमान समय में गुरुकुलों में 3.27 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद ही एससी गुरुकुलों का विकास हुआ और एससी गुरुकुलों में 62,334 छात्र इंटर और 8,710 छात्र स्नातकोत्तर स्तर पर अध्ययन कर रहे हैं।
छात्रों के भोजनालय शुल्क और सौन्दर्यी प्रसादन शुल्क में वृद्धि करने से सरकार पर 46,438.84 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारास नेताओं की तुच्छ राजनीति से विद्यार्थियों की भावनाओं को ठेस पहुँच रही है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से शिक्षा और कल्याण के क्षेत्र में जो उपेक्षा हुई है, उसमें कांग्रेस सरकार सुधार लाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद ही एससी वर्ग के लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
गुरुकुल छात्रों की सिविल सेवा में सफलता
अदलूरी लक्ष्मण कुमार ने बताया कि कांग्रेस सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के चलते वर्ष 2024 की सिविल की प्रारंभिक परीक्षा में गुरुकुल के 24 और मुख्य परीक्षा में तीन विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इसी प्रकार 2025 की सिविल की प्रारंभिक परीक्षा में 26 छात्रों ने सफलता प्राप्त की और भारतीय विदेश सेवा की प्रारंभिक परीक्षा में 5 छात्र सफल रहे। ग्रुप-1 (2024-25) में 33 छात्र ग्रुप-4 में 145 छात्र, डीएससी में 123 छात्र और राज्य और केंद्र सेवाओं के लिए कुल 186 छात्र चुने गए।
यह भी पढ़े: हैदराबाद: भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया मजलिस के इशारों पर काम करने का आरोप
अदलूरी लक्ष्मण कुमार ने बताया कि गुरुकुलों की समस्याओं के तात्कालिक निवारण हेतु मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने 60 करोड़ रुपये का आपातकालीन कोष जारी किया, जिसके जरिए गुरुकुलों में आने वाली छोटी-मोटी समस्याओं का तत्काल निवारण किया जा सकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




