हैदराबाद : शादियों में नकदी-गहनों पर आचार संहिता का असर
हैदराबाद, जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता नवंबर महीने में होने वाली शादियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। नवंबर में शादियों के लिए शुभ तिथियों को ध्यान में रखते हुए लोगों ने तैयारियाँ शुरू की हैं। मगर इस दौरान चुनाव आचार संहिता लागू होने से नकदी और सोने के लेन-देन पर निगरानी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
जुबली हिल्स उप-चुनाव की आचार संहिता अत्तूबर के दूसरे सप्ताह से लागू है।
यह मतदान के दिन अर्थात 11 नवंबर की शाम तक लागू रहेगी। बताया जा रहा है कि नवंबर के पहले सप्ताह में बड़ी संख्या में शादियाँ हैं। पंडित सोनी महाराज ने इस संबंध में हिन्दी मिलाप को बताया कि आगामी 8 नवंबर को कई शादियाँ निर्धारित हैं। लोगों ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। चुनावों से जुड़े प्रतिबंध के कारण कुछ परिवारों के लिए समारोह आयोजित करने में कठिनाई पैदा हो सकती है।
चुनाव आयोग के अनुसार जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को और मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस दौरान नकदी या सोने के साथ यात्रा करने वालों को दस्तावेज दिखाने होंगे। चुनाव आयोग ने बिना प्रमाण पत्र के 50,000 रुपये से अधिक नकदी या 10,000 रुपये से अधिक की नई वस्तुओं के परिवहन पर रोक लगाई है। इसके मद्देनजर पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए वाहनों की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स उप-चुनाव में मागंटी सुनीता ने दाखिल किया नामांकन
हालांकि डिजिटल भुगतान बढ़ा है, फिर भी कई विवाह आयोजक, केटरर्स और डेकोरेटर्स नकद लेन-देन को प्राथमिकता देते हैं। इसलिए आचार संहिता के बीच विवाह सीजन में नकदी और उपहारों के लेन-देन पर सख्त निगरानी से परिवारों और आयोजनकर्ताओं को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



