हैदराबाद : ध्यान भंग कर महंगा सेल फोन चुराने वाला और खरीदने वाले धरे गए
हैदराबाद, सेंट्रल जोन की मुशीराबाद पुलिस ने ध्यान भंग कर महंगा सेल फोन चुराने वाले और चोरी का फोन खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चुराया गया एपल आई फोन 17 बरामद किया। यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चिक्कड़पल्ली एसीपी एल. रमेश कुमार बताया कि इस मामले में सेल फोन चुराने वाले आरोपी मोहल्लागंज, गोलकोंडा निवासी व पेशे से ब्लू स्पा कोकापेट के प्रबंधक मोहम्मद इकरमुद्दिन उर्फ इकरम (24) और उसके पास से चुराया गया सेल फोन खरीदने वाले आरोपी कुतुबीगुड़ा बड़ीचावड़ी निवासी पेशे से व्यापारी सुमीत सैनि उर्फ सुमीत (38) को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गत 18 अत्तूबर को आरोपी इकरम ने ओएलएक्स पर एपल आई फोन 17 बेचने का विज्ञापन देखा।
विज्ञापन में दिये गये सेल फोन नंबर पर सेल फोन बेचने वाले से सम्पर्क किया और सेल फोन खरीदने की इच्छा जताई। उसने गत 27 अत्तूबर को एक दिन के लिए गांधी नगर के इडन होम स्टे में लिए गये कमरे पर बुलाया। शिकायतकर्ता अपने भाई के साथ कमरे पर पहुंचा और इकरम को फोन दिखाया। इकरम ने उनके पास से सेल फोन लिया और कहा कि बाजू कमरे में उसकी माँ है और वह सेल फोन उसे दिखाकर आएगा।
यह भी पढ़ें… साइबर अपराध के खिलाफ तेलंगाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आरोपी ने सेलफोन लेकर कमरे से बाहर निकल कर फरार हुआ
यह कहकर इकरम सेलफोन लेकर कमरे से बाहर निकल गया और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। उसके काफी देर तक न लौटने और बाहर से कमरे का दरवाजा बंद होने पर उन्हें संदेह हुआ। भीतर से दरवाजा खटखटाने पर इडन होम के कर्मचारियों ने दरवाजा खोला। शिकायतकर्ता ने इस घटना की मुशीराबाद पुलिस थाने में शिकायत कर दी।
मुशीराबाद पुलिस इंस्पेक्टर जी. राम बाबू के नेतृत्व में गुप्तचर इंस्पेक्टर मोहम्मद नदीम हुसैन ने मामला दर्ज कर तकनीकी रूप से छानबीन करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इकरम ने चुराया गया सेल फोन सुमीत 69,000 रुपये में बेच दिया और अपना कुछ कर्जा चुकता कर दिया था। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व इकरम ने इसी प्रकार से चेवेल्ला और बंजाराहिल्स पुलिस थाना परिधि में तीन घटनाओं को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



