हैदराबाद : ओयू विकास रूपरेखा को लेकर हितधारक बैठक सत्र का आयोजन
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय के परिवर्तनकारी विकास की रूपरेखा को लेकर कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम के नेतृत्व में उच्च स्तरीय रणनीतिक तथा हितधारक बैठकों की श्रृंखला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय को विश्वस्तर पर उत्कृष्ट संस्थान बनाने वाले मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के दृष्टिकोण को मूर्त रूप देने के लिए प्रभावी योजना तैयार करना था।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वविद्यालय के भविष्य को आकार देने की दिशा में अपने दृष्टिकोण को साझा करने के लिए इन बैठकों में विश्वविद्यालय के सभी प्रमुख हितधारकों जैसे डीन, प्राचार्य, निदेशक, विभागाध्यक्ष, अध्ययन बोर्ड के अध्यक्ष, शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा छात्र प्रतिनिधि शामिल हुए। अवसर पर शैक्षणिक सुधारों, पाठ्यक्रम नवाचार, बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने और अनुसंधान एवं वैश्विक सहयोग को बढ़ाने की रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
यह भी पढ़ें… डाक विभाग ने शुरू किए 24 घंटे संचालित रहने वाले नए बुकिंग काउंटर
विश्वविद्यालय सुधार में सामूहिक भागीदारी
कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम तथा गैर-शिक्षण और प्रशासनिक कर्मचारियों के बीच आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ढांचे की परिचालन अंतरदृष्टि और जमीनी दृष्टिकोण को लक्षित किया गया, जिनका योगदान संस्थागत दक्षता और उत्कृष्टता के लिए महत्वपूर्ण है। कुलपति द्वारा छात्रों के साथ भी संवाद बैठक की गई। इसमें छात्रों ने शैक्षणिक संवर्धन, डिजिटल शिक्षण संसाधनों, छात्रावास सुविधाओं और परिसर के वातावरण में सुधार पर अपने सुझाव साझा किए।
जानकारी देते हुए बताया गया कि परामर्श सत्रों से प्राप्त शैक्षणिक, प्रशासनिक और छात्र इनपुट तेलंगाना सरकार को प्रस्तुत करने के लिए तैयार की जा रही व्यापक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का आधार बनेंगे। यह डीपीआर संसाधनों को जुटाने और विश्वविद्यालय की मेगा परिवर्तन परियोजना को लागू करने के लिए रणनीतिक रोडमैप के रूप में भी काम करेगी।
इसमें विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, उन्नत शिक्षण स्थान और एक जीवंत अनुसंधान व नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र आदि शामिल होगा। प्रो. कुमार मोलुगरम ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उस्मानिया विश्वविद्यालय का परिवर्तन सामूहिक प्रयास है, जो विश्वविद्यालय समुदाय के प्रत्येक सदस्य की साझा प्रतिबद्धता, रचनात्मकता और सहयोग से ही साकार हो सकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



