हैदराबाद : ड्रग्स तस्करी के तीन मामलों का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

हैदराबाद, हैदराबाद की नारकोटिक एनफोर्समेंट विंग पुलिस ने चिलकलगुड़ा, सनतनगर और आदिबट्ला पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत ड्रग्स तस्करी के तीन मामलों का पर्दाफाश किया। इन मामलों में एक अंतरराज्य ड्रग्स तस्कर, एक स्थानीय तस्कर और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विंग के पुलिस उपायुक्त वैभव गायकवाड़ ने बताया कि पहले मामले में चिलकलगुड़ा पुलिस के साथ मिलकर बालानगर निवासी कॉलेज छात्र साई निखिल यादव उर्फ साई (18) को गिरफ्तार कर उसके पास से 11.5 लाख रुपये मूल्य का 115 ग्राम एमडीएमए ड्रग जब्त किया। उन्होंने बताया कि साई निखिल ने इंटर की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी और बुरी संगत में पड़कर वह गलत शौक का शिकार हो गया था।

पुलिस ने हशीश ऑयल और मोबाइल फोन किए जब्त

अपने शौक पूरे करने के लिए वह ड्रग्स तस्करी करने लगा था। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी आदित्या के पास से वह इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर कम दाम पर एमडीएमए ड्रग्स लाकर इसे हैदराबाद में बेच रहा था। उसके खिलाफ सनतनगर और जेडिमेट्ला पुलिस थाना ड्रग्स तस्करी के दो मामले दर्ज है। दूसरे मामले में सनतनगर पुलिस के साथ मिलकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1005 ग्राम हशीश ऑयल और दो सेलफोन जब्त किए गए।

जब्त संपत्ति की कीमत 12.75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में सुरारम, हैदराबाद निवासी व मूलत श्रीकाकुलम के रहने वाले पेशे से वेल्डर सिम्हाचलम उर्फ साई उर्फ सैबू उर्फ सिद्धार्थ (28) और कूकटपल्ली निवासी पेशे से कार चालक वेणु (23) को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे सिम्हाचलम ने हशीश ऑयल तस्करी का रास्ता अपना लिया।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : बालिकाओं को पोर्न वीडियो दिखाकर शोषण करने वाले को जेल

संगारेड्डी और मासाब टैंक पुलिस ने गांजा किया था जब्त

इसके पूर्व उसे बालानगर पुलिस ने वर्ष 2024 के दौरान गिरफ्तार कर 1.29 लीटर हशीश ऑयल जब्त किया था। वर्ष 2025 के दौरान संगारेड्डी की आबकारी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 5.44 किलो गांजा और इसी वर्ष मासाब टैंक पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि सिम्हाचलम आंध्र-प्रदेश के अल्लूरी ज़िला से फरार आरोपी के पास से हशीश ऑयल खरीदकर इसे रेलगाड़ी के जरिए हैदराबाद लाकर इसे ऊँचे दाम पर बेच रहा था।

तीसरे मामले में आदिबट्ला पुलिस के साथ मिलकर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 363 ग्राम एकेस्टी पिल, 41 ग्राम ओजी गांजा, 12 ग्राम के चार एलएसडी ब्लॉट्स, दो सेलफोन, एक मोटरसाइकिल, 50,500 रुपये की नकदी समेत कुल 39.4 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। इस मामले में पुलिस ने इंजापुर, अब्दुल्लापुरमेट निवासी अक्षय ए. पटेल (35) और बैरामलगुड़ा, एल.बी. नगर निवासी बब्बूरी आदित्यवर्धन उर्फ आदित्या (25) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि अक्षय पटेल ने डिग्री की पढ़ाई की और कुछ दिन नौकरी करने के बाद उसने टाइल्स और सैनिटरी का व्यापार प्रारंभ किया। इस व्यापार में घाटा होने के कारण वह बुरी संगत में पड़कर गलत शौक का शिकार हो गया था। स्वयं ड्रग्स का सेवन करने के साथ-साथ वह पैसा कमाने के लिए अपने सहयोगी आदित्या के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी करने लगा। सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button