हैदराबाद : चेन स्नेचिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

हैदराबाद, साइबराबाद के मियाँपुर पुलिस क्षेत्र में महिला के गले से चेन स्नेचिंग करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुकटपल्ली के सहायक पुलिस आयुक्त ई. रविकिरण रेड्डी ने बताया कि मेदक जिले के रामायमपेट की 36 वर्षीय महिला 26 फरवरी को अपनी बेटी से मिलने मियाँपुर स्थित जूनियर कॉलेज के छात्रावास आई थी। वह दोपहर के समय बस स्टॉप की ओर पैदल जा रही थी। तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने अचानक महिला के गले से करीब 70 ग्राम वजनी मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

झपटमारी के दौरान लगभग 10 ग्राम सोना चेन स्नेचरों के हाथ लगा, जबकि शेष 60 ग्राम हिस्सा महिला की साड़ी में फंसने की वजह से बच गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए मूल रूप से उत्तर प्रदेश तथा मियाँपुर में रहने वाले अभय कुमार दुबे (30) और झारखंड के तथा मियाँपुर में रहने वाले आकाश कुमार रजक (18) को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 10 ग्राम सोने की टूटी चेन भी बरामद हुई।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : नशे में धुत चालक ने मचाया हंगामा

पूछताछ में आरोपियों ने आसानी से पैसा बनाने की चक्कर में चेन स्नेचिंग करने का खुलासा किया। दोनों आरोपी फूड डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करते थे। डिलीवरी के दौरान वे अकेली महिलाओं की पहचान कर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।  

Exit mobile version