62 किलो गांजे के साथ आइसक्रीम कारोबारी गिरफ़्तार

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त की दक्षिण-पूर्वी ज़ोन टास्क फोर्स व चादरघाट पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 62 किलो गांजे के साथ आइसक्रीम कारोबारी को गिरफ़्तार कर लिया। आज यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दक्षिण-पूर्वी ज़ोन के पुलिस उपायुक्त पाटिल कांतिलाल सुभाष ने बताया कि मध्य प्रदेश के सागर जि़ला में रहने वाले तथा रामागुंडम में आइसक्रीम बेचने का कारोबार करने वाले राजू जाट उर्फ राजू (35) को मलकपेट के निकट नलगोंड़ा क्रास रोड के पास से 62 किलो गांजे के साथ गिरफ़्तार किया गया। उन्होंने बताया कि राजू जाट मध्यप्रदेश से पहले महाराष्ट्र के चंद्रपुर में रहता था। वह लगभग 5 साल पहले रोजगार की तलाश में तेलंगाना पहुंचा था।

वह रामागुंडम के पास आइसक्रीम बेचने का कारोबार कर रहा था। इसी दौरान उसका ओडिशा के गांजा कारोबारी सुभाष से संपर्क हुआ। वह सुभाष के पास से नियमित रूप से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में सप्लाई करने लगा था। उसे कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के परशुराम ने गांजा लाने का ऑर्डर दिया, जिसके बाद 11 जनवरी को राजू जाट ने ओडिशा जाकर सुभाष के पास से 62 किलो गांजा खरीद कर उसी दिन रामागुडंम वापस आ गया। इसके बाद वह निजी ट्रैवल्स बस से गांजा लेकर रामागुंडम से हैदराबाद पहुंचा। वह नलगोंडा क्रॉसरोड, चादरघाट से काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो की प्रतीक्षा कर रहा था। इसी दौरान विश्वस्त सूत्रों के जरिए जानकारी मिलने के बाद टास्क फोर्स व स्थानीय पुलिस ने छापेमारी करते हुए राजू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 62 किलो गांजा तथा 1 सेलफोन ज़ब्त करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए चादरघाट पुलिस के हवाले कर दिया गया।

डीसीपी ने बताया कि राजू के खिलाफ इससे पहले वर्ष 2021 में वैजाग की अनंतगिरी पुलिस, वर्ष 2023 में तेलंगाना की पालवन्चा आबकारी पुलिस में एडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। अवसर पर टास्क फोर्स के अतिरिक्त उपायुक्त ए. श्रीनिवास राव, साउथ-ईस्ट के अतिरिक्त उपायुक्त टी. स्वामी, मलकपेट के एसीपी जी. श्याम, साउथ-ईस्ट टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर एस. सैदा बाबू, चादरघाट पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर एम. राजू, डिटेक्टिव इंस्पेक्टर जी. सैदुलु के अलावा अन्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button