संविधान और गरीबों से पंगा लोगे, तो जेल जाओगे : रेवंत
नई दिल्ली/ हैदराबाद, मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य में कोई भी संविधान और गरीबों से पंगा लेगा, उसे जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को सही करार देते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा, लेकिन विपक्ष को उस माँ और बेटे के बारे में सोचना चाहिए, जिनमें से एक की जान गयी और दूसरा अस्पताल में मौत से लड़ाई लड़ रहा है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज दिल्ली में टेलीविजन चैनल के कार्यक्रम एजेंडा आजतक में बात कर रहे थे। टेलीविजन साक्षात्कार के दौरान अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी और मेट्रो रेल के अधिकारी की गिरफ्तारी की धमकी के मामले में पूछे गये प्रश्नों पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने स्पष्ट किया कि अल्लू अर्जून उनके रिश्तेदार हैं और उनका परिवार कांग्रेस के निकट रहा है। हालाँकि कानून सबके लिए बराबर है, यह अपना काम करेगा। उन्होंने मेट्रो रेल के अधिकारी को गिरफ्तारी की धमकी देने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि बयान गरीबों के खिलाफ और राजनीति से प्रेरित था। रेवंत ने कहा कि उनके खिलाफ चाहे जो बयान दें और केटीआर दे भी रहे हैं, लेकिन वे उनके खिलाफ कुछ नहीं कर रहे हैं। हालाँकि संविधान और गरीबों से पंगा लेने वालों को जेल भेजा जाएगा।
महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा के कारण मेट्रो का परिचालन करने वाली कंपनी की तरफ से नुकसान के बयान से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में रेवंत रेड्डी ने कहा कि संबंधित अधिकारी शहर छोड़कर चला गया है। उसे गिरफ्तार करने का आदेश उन्होंने ही दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान विपक्षियों की ओर से राजनीति प्रेरित था। हैदराबाद में केवल 69 किलोमीटर मेट्रो चलती है और महिलाओं को फ्री बस सेवा का प्रावधान पूरे राज्य में है। इस लिए इस तरह का बयान महिलाओं को दिये जा रहे प्रावधान के विरुद्ध था।
अधूरे वादों को लेकर सवाल पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि एक साल में उनके वादों को लेकर सवाल किया जा रहा है, लेकिन स्विस बैंक से काला धन लाकर हर नागरिक को 15-15 लाख खाते में डालने के वादे पर कोई नहीं पूछता। उनकी सरकार ने 25.35 लाख किसानों का ऋण माफ किया है। इतना किसी राज्य ने नहीं किया गया। महिलाओं की फ्री बस यात्रा की सुविधा प्रदान की गयी। उन्होंने जनता से किये गये वादों के बारे में कहा कि हमने जो भी वादा किया है, उन्हें पूरा करने के लिए हम मेहनत कर रहे हैं। जो भी वादे किए, पांच साल के लिए किए हैं, सभी वादे पूरे किये जाएंगे।
रेवंत रेड्डी ने हरियाणा और मुंबई चुनाव में कांग्रेस की हार पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक हो तो वे इस बारे में राहुल गांधी के सामने पोस्टमॉर्टम करेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसान विरोधी है। जनता के सामने इनका असली रूप दिखा दें तो ये खुद ही हार जाएंगे। प्रधानमंत्री द्वारा लगाये गये आरआर टैक्स के आरोप पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि यदि कोई भाजपा का नेता कहता तो कोई बात नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री को ऐसे आरोप नहीं लगाना चाहिए। इस आरोप पर प्रधानमंत्री से यह साफ कहा गया था कि एक भी गवाह दिखाओ, एक पैसा किसी से मांगा है तो लाओ, लेकिन कोई सबूत पेश नहीं किया गया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर लगाये गये आरोप का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान जाकर आईएसआई को उनकी (मोदी की) हत्या कराने की सुपारी देने का आरोप लगाया गया था। पीएम (मोदी) कुछ बोलते हैं तो उसे इतना सीरियस लेने की जरूरत नहीं है।
रेवंत रेड्डी ने अडाणी पर राहुल गांधी से उनकी राय अलग होने की बात को गलत बताते हुए कहा कि दोनों का मत एक ही है। वे निवेश के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन वह समान अवसरों और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। अपनी एक साल की सरकार के बारे में सवाल पर रेवंत रेड्डी ने सात गारंटियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरीके से केसीआर ने माहौल बना रखा था, उसे तोड़ने का काम उनकी सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा और बाधाएं तो पहले दिन ही हटा दी गयी थी। आम जनता के लिए सचिवाल के दरवाज़े भी खोल दिये गये हैं। उनकी सरकार ने संविधान की पुनर्स्थापना का काम किया है।
उनकी सरकार किसानों के लिए काम कर रही है। तेलंगाना में धान का उत्पादन पंजाब और आंध्र प्रदेश से भी ज्यादा हुआ है। किसानों को 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया गया है। सरकारी कर्मचारियों को पहले 25 तारीख तक किश्तों में वेतन मिलता था। उनकी सरकार पहली तारीख को वेतन दे रही है। 55 हज़ार से अधिक लोगों को सरकारी नौकरियाँ दी गयी हैं। रेवंत रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद में दूसरे चरण के मेट्रो का निर्माण और मूसी नदी का कायाकल्प उनके लक्ष्य हैं।