इन्कॉइस में आईआईएसएफ का कर्टन रेजर: विज्ञान नवाचार की ओर बड़ा कदम
हैदराबाद, भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (इन्कॉइस) हैदराबाद द्वारा भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 2025 की तैयारियों के लिए कर्टन रेजर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आईआईएसएफ के बारे में जागरूकता बढ़ाने और महासागर विज्ञान में अत्याधुनिक अनुसंधान और विकास को समाज के लिए प्रभावशाली सेवाओं में बदले जाने की गतिविधियों विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन और भारत की बढ़ती नीली अर्थव्यवस्था की जानकारी देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन्कॉइस के निदेशक डॉ. टी.एम. बालकृष्णन नायर ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महोत्सव का विषय विज्ञान से समृद्धि : आत्मनिर्भर भारत है। देश के सतत विकास एजेंडे को आकार देने में इन्कॉइस की अनुसंधान एवं विकास पहलों-समुद्री मौसम पूर्वानुमान और जलवायु अनुमानों से लेकर आपदा तैयारी तक के महत्व पर ज़ोर दिया।
यह भी पढ़ें… उस्मानिया विश्वविद्यालय में स्टडी एब्रॉड फेयर : 30+ अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी छात्रों से रूबरू
आईआईएसएफ 2025 की प्रमुख गतिविधियों का अवलोकन साझा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सुनामी आयोग के संयुक्त अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय भूगणित एवं भूभौतिकी संघ और जापान के होक्काइडो विश्वविद्यालय के एमेरिटस प्रोफेसर युइचिरो तानियोका ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक नेता के रूप में भारत के पुनरुत्थान की सराहना की। उन्होंने भारतीय सुनामी चेतावनी केंद्र की त्वरित स्थापना को विज्ञान के प्रभावी रूप से सामाजिक सेवा में रूपांतरित होने का एक प्रमुख उदाहरण बताया।
भारतीय ऊष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के निदेशक और महोत्सव के मुख्य आयोजक डॉ. सूर्यचंद्र राव ने महोत्सव की प्रमुख गतिविधियों का अवलोकन साझा किया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सलाहकार और डॉ. जगवीर सिंह और विज्ञान भारती की शासी परिषद के सदस्य नरेश चाफेकर ने सभा को संबोधित किया। इन्कॉइस के महासागर मॉडलिंग और डेटा एसिमिलेशन प्रभाग के प्रमुख डॉ. फ्रांसिस पी.ए. ने आभार प्रकट किया। उल्लेखनीय है कि भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में दिसंबर 6 से 9 दिसंबर तक किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





