भारत है भविष्य की नींव

वाहन उद्योग नवोन्मेष तथा प्रौद्योगिकी से प्रेरित : मोदी
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वाहन क्षेत्र का भविष्य भारत से जुड़ा है। पिछले एक साल में 2.5 करोड़ वाहनों की बिक्री और चार साल में 36 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) इस बात की पुष्टि करता है।
प्रधानमंत्री ने यहाँ भारत मंडपम में वैश्विक वाहन प्रदर्शनी भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि भारत वाहन क्षेत्र में आगे बढ़ने और भविष्य संवारने को इच्छुक निवेशकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य है।
इस साल प्रदर्शनी तीन स्थानों… राष्ट्रीय राजधानी में भारत मंडपम तथा यशोभूमि और ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मार्ट में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में वाहन, कल-पुर्जों और प्रौद्योगिकियों से जुड़े 100 से अधिक नए उत्पाद पेश किए जाने की उम्मीद है। वाहनों की यह प्रदर्शनी 17 से 22 जनवरी तक चलेगी। इसमें एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार के वाहनों के साथ-साथ गाड़ियों से जुड़ी हर वस्तु देखने को मिलेगी। मोदी ने कहा कि मोटर वाहन उद्योग नवोन्मेष तथा प्रौद्योगिकी से प्रेरित है और इस क्षेत्र का भविष्य पूर्व, एशिया और भारत से जुड़ा है। उन्होंने कहा,भारत उन सभी निवेशकों के लिए एक बेहतरीन स्थान है जो परिवहन क्षेत्र में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। मोदी ने कहा कि सरकार हर संभव सहयोग दे रही है और सभी को मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड के मंत्र के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया पहल ने वाहन उद्योग के विकास में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।मेक इन इंडिया पहल को पीएलआई (उत्पादन संबंधी प्रोत्साहन) योजना से भी बढ़ावा मिला। इससे इस क्षेत्र में 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री में मदद मिली है। इस योजना से वाहन क्षेत्र में प्रत्यक्ष रूप से 1.5 लाख से अधिक नौकरियाँ सृजित हुई हैं। उन्होंने कहा, लोगों की आकांक्षाओं तथा युवाओं की ऊर्जा से प्रेरित होकर भारत का वाहन क्षेत्र अभूतपूर्व बदलाव देख रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष भारत के वाहन उद्योग में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा निर्यात भी बढ़ा। भारत में प्रतिवर्ष बिकने वाली कारों की संख्या कई देशों की जनसंख्या से भी अधिक है। (भाषा)