भारत – स्विट्ज़रलैंड साझेदारी : हैदराबाद में बनेगा विश्व का पहला स्विस मॉल
हैदराबाद, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और स्विट्ज़रलैंड के वॉद कैंटन की मुख्यमंत्री क्रिस्टेल लुईज़ियर ब्रोडार्द के बीच भारत-स्विट्ज़रलैंड मुक्त व्यापार समझौते के व्यापक परिप्रेक्ष्य में सहयोग और साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में संस्कृति और शिक्षा, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विशेष रूप से हॉस्पिटैलिटी प्रबंधन और खेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा खुदरा (रिटेल) और लाइफ साइंसेज़ क्षेत्रों में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने को लेकर दोनों पक्षों ने सहयोग पर मंथन किया।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में स्विस मॉल के निर्माण का प्रस्ताव रखा। स्विस प्रतिनिधिमंडल ने तुरंत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। यह अपनी तरह का विश्व का पहला मॉल होगा। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच खेलों के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। स्विस प्रतिनिधिमंडल ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण को समर्थन देने में गहरी रुचि दिखाई।
यह भी पढ़ें… व्यस्त रहा दावोस में पहला दिन, गूगल ने साझेदारी में रुचि दिखायी
वॉद कैंटन की उद्योग एवं अर्थव्यवस्था मंत्री इसाबेल मोरे ने आश्वासन दिया कि विभिन्न अवसरों का विस्तृत अध्ययन करने के लिए स्विस प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही हैदराबाद का दौरा करेगा। दावोस में आज तेलंगाना सरकार कई कंपनियों को करार करने तथा पहले से मौजूद कंपनियों को विस्तार के लिए मनाने में सफल रही। एबीइनबो कंपनी के कॉर्पोरेट मामलों के अधिकारी जॉन ब्लूड़ ने तेलंगाना प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर कंपनी के विस्तार हेतु निवेश का आश्वासन दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



