सभी आउटलेट्स पर ऑटो एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
हैदराबाद, नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त स्टीफन रवींद्रा ने निजी ऑटो एलपीजी से संबंधित निजी विपणन कंपनियों (पीएमसी) के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी आउटलेट्स पर निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
नागरिक आपूर्ति आयुक्त स्टीफन रवींद्रा ने पीएमसी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि पिछली समीक्षा के बाद संभावित स्रोतों से ऑटो एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संतोषजनक कदम उठाए हैं। पीएमसी ने पिछले एक सप्ताह में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस दौरान कुल 363 मीट्रिक टन ऑटो एलपीजी की आपूर्ति की गई और पूर्व में बंद (ड्राई) 17 आउटलेट्स को पुन चालू किया गया।
यह भी पढ़ें… सज्जनार ने किया 8 वर्षीय बालिका की रक्षा करने वाले युवक का सम्मान
आयुक्त ने प्रमुख पीएमसी के प्रयासों की सराहना की
आयुक्त ने आपूर्ति बढ़ाने और कई आउटलेट्स को पुन शुरू किये जाने पर सूपर गैस, गो गैस, टोटल एनर्जीस और प्राइम फ्यूल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कुछ अन्य पीएमसी द्वारा की गई सीमित या नगण्य प्रगति पर चिंता व्यक्त की। उन्हें ऑटो एलपीजी की आपूर्ति बढ़ाने और सभी आउटलेट्स पर निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए।
स्टीफन रवींद्रा ने पुन दोहराया कि ऑटो एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना ऑटो चालकों की आजीविका की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी पीएमसी को इस उद्देश्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि विभाग कड़ी निगरानी बनाए रखेगा। पीएमसी से अपेक्षा की गई है कि वे इन आपूर्ति स्तरों को बनाए रखें तथा आगे और बढ़ाएं, ताकि सार्वजनिक परिवहन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सिविल सप्लाइज विभाग चालू आउटलेट्स और उत्पाद आपूर्ति की दैनिक निगरानी जारी रखेगा तथा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय में कार्य करेगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति संबंधी बाधाओं का प्रभाव हैदराबाद में पूरी तरह नियंत्रित रखा जा सके। नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1967 पर सीधे संपर्क करने की सुविधा दी गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



