सेंधमारी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त की गोलकोंडा जोन टास्क फोर्स व बंजारा हिल्स पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सेंधमारी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त डीसीपी मोहम्मद इकबाल सिद्दीकी ने बताया कि बंजारा हिल्स, एस.आर. नगर, डबीरपुरा, तुकारामगेट पुलिस थाना क्षेत्रों में घरों को निशाना बनाकर चोरियाँ करने के मामले में मूल रूप से उत्तर-प्रदेश, गाजियाबाद तथा पुराने शहर के तालाब कट्टा में रहने वाले तंजीम जाकीर अली (30), मोहम्मद सद्दाम (32) व शाहनवाज खान (29) को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि तीनों बचपन के दोस्त हैं। वे इससे पहले उत्तर-प्रदेश में कपड़ों की दुकान में काम करते थे।

तंजीम व सद्दाम पैसों की तंगी से परेशान थे। दोनों ने हैदराबाद में बावर्ची का काम करने वाले शाहनवाज से संपर्क किया और हैदराबाद आ गये। यहाँ आने के बाद गिरोह ने पहले तुकारामगेट से दोपहिया वाहन चुराया और बंजारा हिल्स, एस.आर. नगर में घरों की रेकी करने के बाद चोरियाँ भी की। आरोपी दरवाजा तोड़ने, खिड़कियाँ खोलने का सामान साथ लेकर फिरते थे। आरोपियों के पास से कुल 160.84 ग्राम सोने के आभूषण, 666 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी की दोपहिया व 3 लाख 28 हजार रुपये की नकदी जब्त की गई। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : चेन स्नेचिंग के मामले में युवक युवती गिरफ़्तार
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



