हैदराबाद में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह शातिर चोर गिरफ्तार, 4 लाख की संपत्ति बरामद
हैदराबाद, दक्षिण-पूर्वी जोन की टास्क फोर्स पुलिस ने आईएस सदन पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत मंदिरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर चोरियाँ करने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर एक नाबालिग और युवती समेत 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो मोटरसाइकिलें, 17,104 रुपये की नकदी समेत कुल चार लाख की संपत्ति जब्त की। इस गिरोह ने पिछले एक माह के दौरान आईएस सदन (2), सरूरनगर (3), सैदाबाद (2), बेगम बाजार (1), सुल्तान बाजार (1), एल.बी नगर (1), हयातनगर (1) और नंदीगामा (1) समेत कुल 12 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में मंदिर में तीन चोरियाँ, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में 6 चोरियाँ और वाहन चोरी के दो मामले शामिल हैं।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में अतिरिक्त टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी जोन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के. श्रीकांत, संतोषनगर एसीपी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में टास्क फोर्स पुलिस इंस्पेक्टर एस. सैदा बाबू और आईएस सदन इंस्पेक्टर जी. नागराजू ने इस गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने 9 नवंबर की सुबह चम्पापेट चार मंदिर के पास वाहनों की जाँच-पड़ताल के दौरान गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लिया और उनके बयान पर अन्य सदस्यों को हिरासत में लिया।
आरोपियों के पास से लोहे की सलाख, स्क्रू ड्राइवर, हथौड़ी, बैकपैक और चार सेलफोन भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में बैंक कॉलोनी चिन्नापेटा भीमावरम पश्चिम गोदावरी ज़िला आंध्र-प्रदेश निवासी पेशे से मेस्री जुव्वाला तरुण कुमार राजू उर्फ जुव्वाला कुमार राजू उर्फ कुमार उर्फ तरुण (21), पेशे से मजदूर दगरपु इल्लय्या राजू (22), चिकन फार्म कर्मी मरुमोयना मव्वुला उर्फ पेद्दिंटी मव्वुला (19), पेशे से नाई गंडरेड्डी लोकेश उर्फ गनीरेड्डी लोकेश उर्फ गरीरेड्डी लोकेश उर्फ लोकेश (19), जी. लोकेश की पत्नी कोनला रज्जी (18) और एक नाबालिग शामिल है।
आरोपी तरुण और उसके साथियों पर कई पुराने चोरी के मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि तरुण इल्लय्या राजू मुव्वुला और लोकेश बचपन से ही चोरियाँ कर रहे थे। तरुण के खिलाफ भीमावरम में 41, इल्लय्या राजू के खिलाफ 30, मुव्वुला के खिलाफ 6 और लोकेश के खिलाफ 15 चोरी के मामले दर्ज हैं। गत मई माह में गन्नावरम पुलिस ने तरुण कुमार को गिरफ्तार कर राजमंड्री के सेंट्रल जेल भेज दिया था और वह अक्तूबर माह में जेल से बाहर आ गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने निर्णय लिया कि भीमावरम में चोरी करने पर वे आसानी से पकड़े जाएँगे।
इस कारण सभी अक्तूबर माह में ही हैदराबाद आ गए और हैदराबाद आते समय रास्ते में नंदीगामा थाना क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल चुराई। हैदराबाद आने के बाद उन्होंने कम्मागुड़ा, नादरगुल में एक कमरा किराए पर लिया। यहाँ रहते हुए आरोपियों ने चार व पाँच नवंबर की रात को श्री प्रसन्नांजेय स्वामी मंदिर एल.बी. नगर में चोरी की और दूसरे दिन कम्मागुड़ा से एक और मोटरसाइकिल चुराई।
यह भी पढ़ें… दिल्ली धमाकों के बाद हैदराबाद में सुरक्षा अलर्ट जारी
चुराई गई दोनों मोटरसाइकिलों पर घूम-फिरकर आरोपियों ने तीन मंदिरों, 6 व्यापारिक प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चुराई गई संपत्ति चारों आरोपी बेचने के लिए लोकेश की पत्नी कोनाला रज्जी और नाबालिग चोर को सौंप देते थे। चोरियों को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी भीमावरम लौट गए और गत 7 नवंबर को सभी आरोपी पुन चोरियाँ करने के लिए हैदराबाद आकर कम्मागुड़ा में किराए पर लिए गए कमरे में रुके थे। सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स और आईएस सदन पुलिस ने कल वाहनों की जाँच-पड़ताल के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





