IPL 2026 Auction: अबू धाबी में हो सकता है ऑक्शन, टीमों की रिटेन लिस्ट 15 नवंबर तक
नई दिल्ली, आईपीएल 2026 की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इस बार 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन अबू धाबी में 15-16 दिसंबर के बीच आयोजित किया जा सकता है। सभी टीमों को इससे पहले 15 नवंबर तक अपनी रिटेन लिस्ट जारी करनी होगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह ऑक्शन 16 दिसंबर को होने की संभावना है।
पिछले दो ऑक्शन विदेशों में हुए थे
आईपीएल के पिछले दो ऑक्शन विदेशों में हुए थे – सऊदी अरब के जेद्दा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में।
लेकिन इस बार ऑक्शन संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में आयोजित किया जाएगा। इस मिनी ऑक्शन में 10 फ्रेंचाइज़ी अपने मनपसंद खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी।
भारत में ऑक्शन कराने की थी चर्चा
इस बार आईपीएल नीलामी को लेकर पहले चर्चा थी कि इसे भारत में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मुंबई और बेंगलुरु को संभावित स्थानों के रूप में चुना गया था। हालांकि, विदेशी सहयोगी स्टाफ के लिए अबू धाबी में उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए नीलामी को विदेश में कराने का निर्णय अधिक संभावित माना जा रहा है।
साथ ही, एशेज सीरीज के दौरान अधिकांश विदेशी सहयोगी प्रसारण या कोचिंग से जुड़े रहेंगे, जिससे भारत में आयोजन की संभावनाएँ और कम हो गई हैं।
सभी 10 आईपीएल टीमों के लिए रिटेंशन की अंतिम तिथि 15 नवंबर तय की गई है। सूत्रों के अनुसार, इस समय सीमा से पहले या उसी दिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच एक बड़ा ट्रेड देखने को मिल सकता है।
संजू सैमसन जा सकते हैं चेन्नई सुपर किंग्स में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन का नाम इस हाई-प्रोफाइल ट्रेड में शामिल है।
संभावना जताई जा रही है कि उनका चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रांसफर हो सकता है, जबकि रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स में जा सकते हैं।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह केवल सीधा खिलाड़ी-स्वैप होगा या सीएसके का कोई अन्य खिलाड़ी भी इस डील में शामिल किया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन के संभावित ट्रांसफर को लेकर कई फ्रेंचाइज़ियों से बातचीत की थी।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ बातचीत अंतिम चरण तक पहुँची थी, लेकिन वह सौदा अचानक रुक गया। ऐसे में अगर अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो चेन्नई सुपर किंग्स के साथ यह ट्रेड डील पूरी हो सकती है।
WPL की नीलामी दिल्ली में 27 नवंबर को
इस बार आईपीएल में मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी फ्रेंचाइज़ियों को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन लिस्ट जमा करनी होगी। वहीं, विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी 27 नवंबर को दिल्ली में आयोजित की जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



