जीतो हैदराबाद ने किया विश्व नवकार महामंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन
हैदराबाद, जीतो हैदराबाद के तत्वावधान में विश्व कल्याण की कामना करते हुए विश्व नवकार महामंत्र दिवस शहर के विभिन्न स्थानों पर भव्य रूप से मनाया गया। इंपीरियल गार्डन के साथ विश्व नवकार महामंत्र दिवस फीलखाना स्थित महावीर भवन, काचीगुड़ा स्थानक, आगापुरा दिगंबर जैन मंदिर तथा हाईटेक सिटी स्थित अर्पणा लक्सर पार्क में आयोजित किया गया।
इंपीरियल गार्डन में विश्व नवकार महामंत्र दिवस सुलोचनाश्रीजी आदि ठाणा-14 तथा डॉ.गवेषणाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा-4 के सानिध्य में आयोजित किया गया। शरद बेलड़ा द्वारा विभिन्न धुनों पर प्रस्तुत नवकार महामंत्र की तरंगों ने सबको आह्लादित किया। जीतो हैदराबाद चैप्टर के चेयरमैन रोहित कोठारी ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि आज हम सब यहाँ विश्व शांति तथा कल्याण की कामना करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
चैत्र मास में नवकार दिवस की विशिष्ट महिमा
यह दिवस केवल भारत में ही नहीं, वरन विश्व में लगभग छह हजार स्थानों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में जैन समुदाय के लोग भाग लेकर विश्व शांति का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जीतो हैदराबाद उपाध्यक्ष महेश गोलेच्छा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस के रूप में मनाए जाने की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि हिन्दू नववर्ष का पहला मास चैत्र है। जैन धर्म में भी चैत्र की विशिष्ट महिमा है। इस माह में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक, शाश्वत नवपदजी की ओली तथा प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ दादा के शिष्य पुंडरीक स्वामीजी ने पाँच करोड़ शिष्यों के साथ मोक्ष प्राप्त किया था। इस माह में बारह तीर्थंकरों के कल्याणक आते हैं। उन्होंने कहा कि जैन धर्म में 9 अंक का भी विशेष महत्व है।
यह जैन धर्म के नौ मूल सिद्धांतों यानी नौ तत्वों का प्रतिनिधित्व करता है। जैन धर्म में नौ संख्या को पूर्ण माना जाता है। यह चक्र का अंत तथा नए चक्र के आरंभ का प्रतीक है। इसलिए नवकार महामंत्र दिवस को 9 अप्रैल को मनाना निर्धारित किया गया। आज के दिन को स्वर्णिम दिवस के रूप में मनाते हुए सामूहिक नवकार जाप कर जीवन को सार्थक बनाएँ।
डॉ. गवेषणाजी ने आशीवर्चन देते हुए कहा कि नवकार मंत्र सभी समस्याओं का समाधान है। हमें आधुनिकता के बीच अपनी संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए। समग्र जैन समाज के विकास तथा कल्याण के लिए सभी को एकजुट होकर भगवान महावीर के सिद्धांतों को आगे बढ़ाना चाहिए। म.सा. नवकार महामंत्र दिवस परिकल्पना के लिए जीतो की सराहना करते जैन धर्म के विश्व धर्म बनने की कामना की।
यह भी पढ़ें… महामंत्र पथप्रदर्शक, भारत की पहचान में जैन धर्म की अमूल्य भूमिका : मोदी
विभिन्न स्थलों पर नवकार जाप से गूंजा हैदराबाद
सुलोचनाश्रीजी ने कहा कि नवकार महामंत्र बहुत शक्तिशाली है, जो आत्मा और कर्म को अलग करने वाली कार्यशाला है। जब-जब नवकार महामंत्र का जाप होता है, तब ब्रह्मांड से ऊर्जा का प्रसार होता है। इससे नकारात्मक का नाश होता है और जीवन सकारात्मकता से परिपूर्ण हो जाता है। हम सभी को भगवान महावीर स्वामी के सिद्धातों तथा आदर्शों का पालन करते हुए प्रकृति तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
फीलखाना स्थित महावीर भवन में आयोजित कार्यक्रम के प्रभारी संदीप भोजानी रहे। यहाँ नवकार महामंत्र दिवस मुनिराज चंद्रयशविजयजी म.सा., प्रियस्वरंजनाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा-8 तथा प्रियदर्शिताश्रीजी म.सा. आदि ठाणा के सान्निध्य में आयोजित किया गया। काचीगुड़ा स्थानक में आयोजित कार्यक्रम के प्रभारी सज्जनराज गांधी तथा मनीष आंचलिया थे। आगापुरा दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के प्रभारी अजय तोलिया तथा रोहित जैन रहे। अर्पणा लक्सर पार्क में आयोजित नवकार महामंत्र दिवस के प्रभारी रोमिल गोलेच्छा रहे।
विश्व नवकार महामंत्र दिवस में जीतो हैदराबाद चैप्टर के महासचिव ललित चोपड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल आंचलिया, सचिव मनोज तातेड़, जीतो हैदराबाद लेडीज विंग की अध्यक्ष सुधा कीमती, महासचिव टीना शाह, कोषाध्यक्ष अनीता रांका, जीतो हैदराबाद यूथ विंग के चेयरमैन अक्षय जैन, महासचिव सक्षम साभद्रा, कोषाध्यक्ष नीलेश नाहर, जीतो के कार्यकर्ताओं, सदस्यों तथा त्रय नगर के विभिन्न मंडलों के प्रतिनिधियों ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर समय से आने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष लकी ड्रॉ सहित पुरस्कार में चाँदी के सिक्के प्रदान किए गए। सभी स्थानों में आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह तथा भक्तिभाव के साथ उपस्थिति दर्ज कराते हुए समवेत स्वर में नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप कर विश्व कल्याण की कामना की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





