कर्णन ने दिया केबीआर पार्क के पास भूमि अधिग्रहण में टीडीआर पर ज़ोर
हैदराबाद, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने केबीआर पार्क के आस-पास प्रस्तावित सड़क विस्तारीकरण कार्यों में बाधक परिसंपत्तियों के अधिग्रहण में टीडीआर के महत्व पर विशेष बैठक की, जिसमें बाधित संपत्तियों के मालिकों को टीडीआर विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।



जीएचएमसी आयुक्त ने संपत्ति मालिकों के साथ बैठक में जुबली हिल्स चेक पोस्ट, केबीआर एवं मुग्धा जंक्शन सहित अन्य पैकेज सड़कों से संबंधित विषयों पर चर्चा की। बैठक में सड़क विस्तारीकरण के महत्व तथा टीडीआर (भूमि अधिकार हस्तांतरण) के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी और संपत्ति मालिकों को टीडीआर का विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही आवेदन प्रक्रिया, टीडीआर जारी करने की प्रक्रिया और इससे संबंधित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रभावित संपत्ति मालिकों के प्रश्नों का समाधान करने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : बाढ़ जल तालाबों तक पहुँचाने जोड़े जा रहे नाले
उल्लेखनीय है कि केबीआर पार्क एच-सिटी परियोजना के तहत पार्क के आस-पास सात प्रमुख चौराहों पर 4.6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर और 2.8 किलोमीटर लंबे अंडरपास का निर्माण करने की परियोजना पर तेज़ी से काम जारी है। पिछले सप्ताह विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन और जीएचएमसी आयुक्त आरवी कर्णन ने चीफ इंजीनियर सहदेव रत्नाकर के साथ केबीआर पार्क फ्लाईओवर के निर्माणाधीन स्थल का दौरा किया था और कार्यों में तेज़ी लाने के उद्देश्य से इंजीनियरिंग अधिकारियों आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
उच्च अधिकारियों ने एल वी प्रसाद आई अस्पताल से जुबली हिल्स चेक पोस्ट, रोड नंबर 45 तक फ्लाईओवर कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की थी। इंजीनियरिंग अधिकारियों एवं एजेंसी प्रतिनिधियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिये गये थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



