कविता ने तीनमार मल्लन्ना के खिलाफ की शिकायत
हैदराबाद, कांग्रेस विधान परिषद सदस्य चिंतापंडू नवीन (तीनमार मल्लन्ना) द्वारा एक सभा में तेलंगाना जागृति की संस्थापक व विधान परिषद सदस्य कल्वाकुंट्ला कविता के प्रति कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने से नाराज कविता ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से तुरंत ही तीनमार मल्लन्ना पर कार्रवाई करने की मांग की है। विधान परिषद के सभापति गुत्ता सुखेंदर रेड्डी से भेंट कर एमएलसी कविता ने तीनमार मल्लन्ना के खिलाफ आज व्यक्तित्व हनन किए जाने की शिकायत की और तुरंत ही परिषद की एथिक्स कमेटी को मामला भेजने की मांग की।

कविता ने कहा कि तुरंत ही मल्लन्ना पर कोई कदम नहीं उठाए गए तो समझा जाएगा मुख्यमंत्री ही पीछे रहकर इस प्रकार की टिप्पणियाँ करवा रहे हैं। उन्होंने आश्चर्य जताया कि मल्लन्ना द्वारा टिप्पणी करने के 24 घंटे गुजरने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने मल्लन्ना के कार्यालय पर तेलंगाना जागृति के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले को लेकर कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने से कार्यकर्ता आक्रोशित हैं ऐसे में फायरिंग की क्या जरूरत थी।
यह भी पढ़ें… डॉयवर्शन पॉलटिक्स कर रहे हैं रेवंत : कविता
कविता ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सहित राज्य के डीजीपी से मल्लन्ना के कार्यालय में मल्लन्ना के गनमैन द्वारा फायरिंग किए जाने की जांच कराने की भी मांग की। साथ ही कहा कि एक जनप्रतिनिधि महिला के प्रति ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, तो आम महिला का क्या हाल होगा, समझा जा सकता है। उन्होंने एमएलसी मल्लन्ना की आलोचना करते हुए कहा कि जनप्रतिधि होने के बावजूद अभद्र टिप्पणियां किए जाने से ही महिलाओं के राजनीति में आने से डरने की परिस्थितियां बन चुकी हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



