केरल : पत्नी की हत्या कर फेसबुक लाइव पर स्वीकार किया अपराध
कोल्लम, कोल्लम के पुनालुर के पास कूठनाडि में 39 वर्षीय महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में फेसबुक लाइव पर हत्या की बात कबूली।
पुलिस की जानकारी में कहा गया है कि यह घटना सोमवार को घटी। मृतका की पहचान कोल्लम के कूठनाडि निवासी शालिनी के रूप में हुई है। उसके पति इसहाक ने बाद में पुनालुर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। प्राथमिकी के अनुसार दंपति के वैवाहिक जीवन में समस्याएं थीं।
प्राथमिकी में कहा गया है कि सुबह करीब साढ़े छह बजे जब शालिनी नहाने के लिए रसोई के पीछे पाइपलाइन के पास गई, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन, छाती और पीठ पर गहरे जख्म हो गए। अपराध के तुरंत बाद इसहाक ने फेसबुक पर लाइव आकर हत्या की बात स्वीकार की और शालिनी पर विश्वासघात और गहनों की हेराफेरी का आरोप लगाया। बाद में वह थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी पत्नी की हत्या की सूचना दी।
यह भी पढ़े: विकाराबाद में लूटपाट के बाद महिला की हत्या
पुलिस की टीम जल्द घटनास्थल पहुंची और शालिनी को मृत पाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शालिनी के शव को बाद में अस्पताल ले जाया गया। दंपति के 19 वर्षीय बेटे की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम उस घर की जांच कर रही है जहां हत्या हुई थी। पुलिस ने बताया कि मृतका और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



