राष्ट्रीय शोक के समय राहुल के नववर्ष मनाने वियतनाम जाने को लेकर बरसे किशन रेड्डी

हैदराबाद, केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने संसद में विपक्षी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर जहां सारा देश 7 दिन का शोक मना रहा है, वहीं राहुल गांधी नववर्ष उत्सव में भाग लेने वियतनाम चले गए। राहुल द्वारा कांग्रेस के दिग्गजों के अपमान का और क्या सबूत चाहिए।

भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने चिंता जताते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव व पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने देश के लिए काफी कुछ किया है ऐसे दिग्गजों का अपमान करने वाले राहुल गांधी दूसरों को नीतियाँ सिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हाराव के निधन पर शव को सोनिया गांधी के दबाव में राजधानी दिल्ली कांग्रेस कार्यालय तक नहीं ले जाया गया बल्कि दिल्ली में स्मारक तक निर्माण नहीं करने दिया गया बल्कि जब तक कांग्रेस सत्ता में रही पी.वी. को भारत रत्न तक से सम्मानित नहीं किया गया। यह अपमान नहीं तो और क्या है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की मौत पर कांग्रेस पार्टी व सांसद सोनिया गांधी परिवार जिस प्रकार की राजनीति कर रहा है, उसे देखकर जनता दुःखी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री सिंह एक सम्माननीय शख्सियत रहे हैं। उनके नाम पर राजनीति अमानवीय व शर्मनाक है। अनेकों दबावों के बीच अपमानों पे घूंट पीकर सिंह ने 10 साल तक सरकार चलाकर देश की सेवा की, जिसे देश नहीं भूलेगा।

किशन रेड्डी ने कहा कि सिंह के निधन की खबर प्राप्त होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्वरित गति से निर्णय लिया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जिस प्रकार अंत्येष्टि की गई उसी प्रकार मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर का क्रिया कर्म किए जाने का निर्णय लेकर जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपी। उन्होंने कहा कि भारत रत्न वाजपेयी के निर्मित स्मारक की तरह ही मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने के संबंध में निधन के केवल 3 घंटे में ही केंद्र द्वारा निर्णय लिया गया क्योंकि गत में ट्रस्ट के माध्यम से स्मारक निर्मित किया गया था। मनमोहन सिंह के स्मारक निर्माण की जानकारी उनकी पत्नी गुरुशरण कौर को दी गई थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव व पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के प्रति भी इसी प्रकार अपमानजनक व्यवहार किया था।

किशन रेड्डी ने विपक्षी नेता राहुल गांधी पर बरसते हुए याद दिलाया कि गत समय पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की कैबिनेट द्वारा पारित आर्डिनेंस (अध्यादेश) को राहुल गांधी ने मीडिया के समक्ष बकवास बताते हुए फाड़कर अपमान किया था और आज सिंह को लेकर राहुल गांधी कपटप्रेम उंडेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर मुद्दे पर राजनीति करने पर तुले हैं और खुद गड्ढे में गिरते जा रहे हैं। वे एक महानुभाव के मामले में जिस प्रकार का व्यवहार कर रहे हैं उससे जनता दुःखी है। उन्होंने प्रश्न किया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा 10 साल पहले कार्यकाल पूरा होने के समय दस जनपथ पर दी गई दावत का राहुल ने क्यों बहिष्कार किया था, जनता को बताएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तो मनमोहन सिंह ही रहे लेकिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों शैडो पीएम की भूमिका में रहे थे और कदम-कदम पर प्रधानमंत्री का अपमान करते रहे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों से डॉ. मनमोहन सिंह को दूर रखने का श्रेय नेहरू परिवार को ही जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री के रूप में जो भी सफलताएं हासिल कीं, उन्हें सोनिया व राहुल ने अपने खाते में डाला और असफलताओं को उनके माथे मढ़ दिया था। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार से अलग किसी भी नेता का कांग्रेस नेताओं ने सम्मान नहीं किया। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुत्री का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली में रहने के लिए घर पूछा तो तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने घर तक आवंटित नहीं किया था। (विकास जगताप)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button