मागंटी गोपीनाथ की मौत को लेकर उनकी माँ ने पुलिस में की शिकायत
हैदराबाद, भारास के पूर्व विधायक दिवंगत मागंटी गोपीनाथ की माँ महानंदा कुमारी ने उनके पुत्र की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत की पूर्ण स्तरीय जाँच करवाने की माँग करते हुए रायदुर्गम पुलिस थाने में शिकायत की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महानंदा कुमारी ने आज रायदुर्गम पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर से मुलाकात की गोपीनाथ की मौत को लेकर जाँच करवाने की माँग करते हुए शिकायत की।
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि मागंटी गोपीनाथ के एआईजी अस्पताल में आईसीयू में वेंटिलेटर में रहने के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने सुनीता की पुत्री दिसहिरा के इशारों काम करते हुए उन्हें उनके पुत्र से मिलने नहीं दिया, वहीं भारास के पूर्व मंत्री व कार्याध्यक्ष के.टी. रामाराव को मागंटी के आईसीयू में जाने की अनुमति दी। इस कारण ही उन्हें मागंटी गोपीनाथ की मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह हो रहा है।
इसके अलावा उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर भी आरोप लगाया कि मागंटी गोपीनाथ की किडनी ऑपरेशन के जरिए निकालने के बाद उन्हें डायलसिस देने में काफी देरी की गई। उन्होंने बताया कि अंतिम समय में गोपीनाथ की जान बचाने के लिए सीपीआर भी नहीं दिया गया और उन्हें आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएँ भी उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपीनाथ के उपचार को लेकर काफी लापरवाही बरती गई। इस कारण वह गोपीनाथ की मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जताते हुए इस मामले की विस्तृत जाँच करवाने की माँग कर रही हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





