महाराष्ट्र के नेताओं ने अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन पर जताया शोक
मुंबई, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के अन्य नेताओं ने अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। फडणवीस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन की खबर बेहद दुखद है। पिंजरा और नवरंग जैसी कई मराठी फिल्मों में उनकी भूमिकाएं बेहद सराहनीय रहीं। उन्होंने हिंदी फिल्म जगत में भी अपनी पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो आंखें बारह हाथ में संध्या की भूमिका को जबरदस्त सराहना मिली थी। उन्होंने कहा कि संध्या का अभिनय जितना प्रभावशाली था, उतना ही कुशल भी था तथा उनका नृत्य प्रदर्शन भी उतना ही सम्मोहक था। फडणवीस ने कहा कि उनके निधन से फिल्म जगत को बहुत बड़ी क्षति हुई है। उनकी भूमिकाएं अमर रहेंगी।
अभिनेत्री संध्या शांताराम का 94 वर्ष की उम्र में निधन
प्रख्यात फिल्मकार वी शांताराम की पत्नी एवं अभिनेत्री संध्या शांताराम का निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थीं और वृद्धावस्था के कारण होने वाली बीमारियों से पीड़ित थीं। उनके परिवार ने शनिवार को यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि संध्या शांताराम सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं थीं, बल्कि उन्होंने भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत का प्रतिनिधित्व किया था और उनके निधन से भारतीय फिल्म उद्योग ने अपने इतिहास का एक गवाह खो दिया है।
शिंदे ने कहा कि संध्या ने अपने अभिनय और नृत्य कौशल से अपनी अमिट छाप छोड़ी है। राज्य के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति बताया।शेलार ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि फिल्म “पिंजरा” में अपनी भूमिका के लिए प्रसिद्ध अभिनेत्री के निधन की खबर बेहद दुखद है।
संध्या, वी शांताराम की तीसरी पत्नी थीं। संध्या ने ‘दो आंखें बारह हाथ’ (1957), ‘नवरंग’ (1959), ‘झनक झनक पायल बाजे’ (1955), और ‘पिंजरा’ (1972) जैसी फिल्मों में अहम भूमिका के जरिये अपनी विशेष पहचान बनाई। संध्या 1950 और 60 के दशक की एक लोकप्रिय अभिनेत्री थी। उन्होंने मुख्य रूप से हिंदी और मराठी फिल्मों में काम किया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





