निर्माणाधीन माहेश्वरी कन्वेंशन सेंटर को मिली विशेषज्ञों की सराहना
हैदराबाद, महेश्वरी समाज की एकता, समृद्धि और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से माहेश्वरी भवन ट्रस्ट, हैदराबाद-सिकन्दराबाद द्वारा कण्डलाकोया, मेड़चल रोड पर एक अत्याधुनिक महेश्वरी कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। सेन्टर समाज के हर छोटे-बड़े उत्सव, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विवाह समारोहों और व्यावसायिक बैठकों के लिए आदर्श स्थान बनेगा।
आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कन्वेंशन सेंटर की उत्कृष्ट योजना, आधुनिक संरचना और सुविधाओं की विशेषज्ञों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है। इसके निर्माण में समाज के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और व्यवसायियों से सुझाव लिए गए हैं, जिन्हें इंजीनियरों और प्लानिंग टीम के साथ मिलकर लागू किया जा रहा है।
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा भवन
माहेश्वरी कन्वेंशन सेन्टर के निर्माण की मुख्य विशेषताओं में इसकी सुदृढ़ संरचना है, जिसमें लोड क्षमता के अनुसार बेहतर निर्माण और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। भवन की एयर कंडीशनिंग एवं एग्जॉस्ट सिस्टम द्वारा आरामदायक वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
भवन में ग्राउण्ड फ्लोर पर विशेष स्टोरेज एवं मटेरियल रूम के निर्माण द्वारा भविष्य में भवन में सुव्यवस्थित भण्डारण सुविधा को सुनिश्चित किया जा रहा है। स्वच्छता और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए बर्तन धोने के लिए अलग से व्यवस्था रखी जा रही है। वॉल माउंटेड टॉयलेट्स के निर्माण से अत्याधुनिक एवं साफ-सुथरी एवं सुविधाजनक व्यवस्था का ध्यान रखा जा रहा है।
माहेश्वरी समाज के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों राजेश लखोटिया (एस.एस. कन्वेंशन), प्रमोद मणियार (मणियार फार्म हाउस), हनुमान मालु (प्लैटिनम होटल्स) एवं कमल अट्टल (प्रीमियर कैटरर्स) ने माहेश्वरी कन्वेन्शन सेंटर का दौरा कर निर्माण कार्यों एवं भवन द्वारा प्रदत्त की जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। सभी ने मुक्तकण्ठ से निर्माण कार्य की सराहना की।
सभी विशेषज्ञों का मानना है कि कन्वेंशन सेन्टर के निर्माण में आगे इसमें रहने वालों को सभी अत्याधुनिक सुविधाएँ प्रदान की जाएँ, इसका पूरा-पूरा ध्यान रखा जा रहा है। माहेश्वरी भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद बंग ने समाज के प्रत्येक सदस्य से इस ऐतिहासिक पहल में भागीदार बनने की अपील की।
समाज की एकता का प्रतीक बनेगा कन्वेंशन सेंटर
यह कन्वेंशन सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि हमारी एकता और समर्पण का प्रतीक होगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल धरोहर बनेगा। परियोजना को सफल बनाने के लिए समाज के सभी व्यक्तियों, परिवारों, व्यापारियों और उद्यमियों से सहयोग और आर्थिक योगदान का आह्वान किया जाता है।
माहेश्वरी भवन ट्रस्ट ने विकाराबाद निवासी बृजगोपाल बालकिशन डागा परिवार का कन्वेंशन सेन्टर में एक गेस्ट रूम निर्माण के सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। घनश्यामदास लड्डा का भी धन्यवाद व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस कार्य के लिए डागा परिवार को प्रेरित किया। डागा परिवार ने इस परियोजना के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त करने के लिए विकाराबाद में परियोजना समिति के सदस्यों को एक विशेष दोपहर भोज पर आमंत्रित किया।
अवसर पर पुरुषोत्तमदास मानधना, सुरेश नारायण कांकाणी, देवेंद्र झँवर, घनश्यामदास लड्डा, माँगीलाल बजाज और विनोद बंग उपस्थित थे। उन्होंने कन्वेंशन सेंटर के कार्यों की सराहना कर इसकी पारदर्शिता और उत्कृष्ट प्रगति की प्रशंसा की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



