मनमोहन सिंह का अवसान राष्ट्रीय क्षति
मंत्रिमंडल में शोक प्रस्ताव पारित, आज पंचतत्व में विलीन होंगे आर्थिक सुधारों के जनक
नई दिल्ली, देश में आर्थिक सुधारों के जनक और सार्वजनिक जीवन में सौम्यता के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन को शुक्रवार को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कांग्रेस के प्रमुख नेताओं तथा कई अन्य हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व प्रधानमंत्री सिंह की अंत्येष्टि शनिवार को की जाएगी। तिरंगे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके आवास 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जहाँ दलगत भावना से ऊपर उकर नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं तथा अन्य हस्तियों ने मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्यों का ढाँढस बंधाया।
सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और फिर वहीं से सुबह साढ़े नौ बजे उनकी अंतिम यात्रा भी शुरू होगी। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पूर्व प्रधानमंत्री सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया और कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय जीवन पर अपनी छाप छोड़ी है और उनके निधन से राष्ट्र ने एक प्रख्यात राजनेता और जानेमाने अर्थशास्त्रा को खो दिया है।
रेवंत सहित कई हस्तियों ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मनमोहन सिंह के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। सीएम के अलावा पीसीसी मामलों की प्रभारी दीपा दास मुंशी, पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, मंत्री दामोदरराज नरसिम्हा, सांसद चामला किरण कुमार रेड्डी, बलराम नायक, अनिल कुमार यादव, मल्लू रवि, एआईसीसी सचिव संपत कुमार व अन्य ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी व अन्य नेता आज सुबह विशेष विमान से दिल्ली पहुँचे। सभी नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल ने व्यक्त किया शोक
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्रा तथा शिक्षाविद् डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने शोक संदेश में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारत के राजनीतिक इतिहास में सबसे सम्मानित राष्ट्रीय नेताओं में से एक थे। उन्होंने अपने शानदार कॅरियर के दौरान हर पद पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। डॉ. मनमोहन सिंह वैश्विक स्तर के एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्रा तथा भारत में आर्थिक सुधारों के अग्रदूत थे। उन्होंने अपने दूरदर्शी कार्यों के माध्यम से देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर करते हुए विश्व मंच पर इसकी प्रतिष्ठा को बढ़ाने में अमूल्य योगदान प्रदान किया।राज्यपाल ने दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह के शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
एक सप्ताह तक मनाया जाएगा शोक : महेश कुमार गौड़
पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर एक सप्ताह तक शोक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने आज जारी एक बयान में बताया कि कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस सहित आगामी 3 जनवरी तक के सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिये गये हैं।
पीसीसी नेताओं ने आज गांधी भवन में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीसीसी के तत्वाधान में शोक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत नेता की सेवाओं को याद किया।
मनमोहन आदर्श नेता : कोदंड रेड्डी
किसान कल्याण आयोग के अध्यक्ष एम. कोदंड रॅड्डी ने कहा कि दिवंगत मनमोहन सिंह एक आदर्श नेता थे। उन्होंने आज बीआरकेआर भवन में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दुःख जताते हुए कहा कि मनमोहन सिंह का निधन देश और किसानों के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
वन व पर्यावरण मंत्री कोंडा सुरेखा ने अलग संदेश में कहा कि देश में नव उदारवादी आर्थिक नीतियाँ लाने और भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट से बाहर निकालने वाले प्रसिद्ध अर्थशास्त्रा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन देश के लिए अपूर्णीय क्षति है। पीसीसी कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी सहित अन्य नेताओं ने मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
हमने नवभारत के निर्माता को खो दिया : भट्टी विक्रमार्का
उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि मनमोहन सिंह के निधन से हमने देश को वित्तीय संकट से बचा कर नवभारत का निर्माण करने वाले महान नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने अपने व्यवहार से दिखाया था की राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सम्मान का पालन कैसे किया जाता है।
उन्होंने आज जारी संदेश में कहा कि मनमोहन सिंह एक महान अर्थशास्त्रा, महान नेता, सुधारवादी और सबसे बढ़कर महान मानवतावादी थे। देश को वित्तीय संकट से बचाने का श्रेय मनमोहन सिंह को दिया जाता है। राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, विशेष आर्थिक क्षेत्रों का विस्तार, सूचना का अधिकार अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम, अमेरिका के साथ परमाणु समझौता, चंद्रयान, मंगलयान, भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013, शिक्षा अधिकार अधिनियम, खाद्य सुरक्षा अधिनियम, आधार कार्ड आदि को लेकर उनके विचारों से देश के पुनर्निर्माण में मदद की। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन देश और कांग्रेस पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है।
देश ने एक महान नेता को खो दिया : भाकपा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) प्रदेश सचिव व विधायक कूनमानेनी संबाशिव राव ने प्रख्यात अर्थशास्त्रा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने आज जारी संदेश में कहा कि मनमोहन सिंह के निधन से देश ने एक महान नेता खो दिया है। उन्होंने कहा कि जब मनमोहन सिंह वित्त मंत्री थे, तब उन्होंने देश में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी। एक अर्थशास्त्रा, शिक्षक, रिजर्व बैंक गवर्नर, राज्यसभा सदस्य, विपक्षी नेता और प्रधानमंत्री के रूप में मनमोहन सिंह ने देश को अतुलनीय सेवाएँ प्रदान कीं। मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री के रूप में दस साल तक यूपीए सरकार का नेतृत्व कर देश में कई नवोन्वेषी कार्यक्रम शुरू किये। भाकपा सचिव ने मनमोहन सिंह के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मनमोहन सिंह की सेवाओं को नारायणा ने किया याद
भारत कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) राष्ट्रीय सचिव के. नारायणा व अजीज पाशा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक संकट से बचाने वाले मनमोहन सिंह के निधन से देश को अपूर्णीय क्षति पहुँची है। उन्होंने दिवंगत नेता की सेवाओं को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट किया।
केटीआर ने किए अंतिम दर्शन
भारत राष्ट्र समिति (भारास) के सांसदों के साथ भारास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारकरामाराव ने दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरुशरण कौर व परिजनों के साथ भेंट कर गहरा शोक व्यक्त किया,
भारास संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के निर्देश पर मनमोहन सिंह की अंत्येष्टी में भाग लेने दिल्ली पहुँचे केटीआर, सांसद के.आर. सुरेश रेड्डी, सांसद दामोदर राव, सांसद, सांसद वड्डी राजू राविचंद्रा व अन्य ने मनमोहन सिंह के आवास पर उनके पार्थिव शरीर पर श्रृद्धासुमन अर्पित किए। केटीआर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. सिंह के निधन से देश को अपूर्णीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक संकट से उबारने में सिंह की महती भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि केसीआर के डॉ. सिंह के साथ घनिष्ठ संबंध थे। तेलंगाना गठन के समय वर्ष 2004 में केसीआर के कंधे पर हाथ रखकर भरोसा दिलाते हुए डॉ. सिंह ने कहा था कि आपकी माँग में न्याय है और अवश्य न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह को देश विशेषकर तेलंगाना हमेशा याद रखेगा।