सरकारी जूनियर शिक्षण संस्थानों में मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित
हैदराबाद, राज्य के 430 सरकारी जूनियर शिक्षण संस्थानों में दूसरी मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की गई। इसमें पचास हजार से अधिक अभिभावकों ने शिक्षकों के साथ बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति रिकॉर्ड और फरवरी में होने वाली इंटरमीडिएट सार्वजनिक परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की।
तेलंगाना स्टेट बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एजुकेशन बोर्ड द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक के दौरान प्रधानाचार्यों ने माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में किए गए प्रमुख सुधारों और विकास पहलों पर प्रकाश डाला। इसमें कहा गया कि कॉलेजों की मरम्मत, सफेदी और ग्रीन बोर्ड लगाने के लिए कुल 56.16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। साथ ही नवीनीकरण के लिए विशेष रूप से 10.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। इसके अलावा 300 सरकारी जूनियर कॉलेजों में नए शौचालयों, कक्षाओं और भवनों के निर्माण के लिए 49.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। स्वच्छ और सुचारू रूप से चलने वाले परिसरों को सुनिश्चित करने के लिए नियमित रख-रखाव निधि उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही प्रत्येक कॉलेज को विज्ञान प्रयोगशाला उपकरणों के लिए 50,000 रुपये तथा खेल सामग्री केलिए 10,000 रुपयेप्राप्त हुए। अधिक छात्र संख्या वाले कॉलेजों को अतिरिक्त राशि प्रदान की गई।
मानसिक स्वास्थ्य हेतु टेलीमानस हेल्पलाइन और परामर्श व्यवस्था
बैठक के दौरान कहा गया कि सभी सरकारी जूनियर कॉलेजों को दो इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल, दो इंटरेक्टिव डिजिटल प्रॉजेक्टर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और ज़ूम सुविधाओं से सुसज्जित किया गया। फिजिक्स वाला और खान अकादमी के सहयोग से जेईई, नीट और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जा रही है। छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे और अग्नि सुरक्षा उपाय स्थापित किए गए हैं।
मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने टेलीमानस हेल्पलाइन (14416), प्रशिक्षित परामर्शदाताओं की व्यवस्था और हेल्प कार्यक्रम शुरू किया। इसके अलावा कॉलेजों में नाम बोर्ड और सफल पूर्व छात्रों को प्रदर्शित करने वाली वॉल ऑफ फेम बनाई गई। वर्तमान छात्रों को प्रेरित करने के लिए उत्कृष्ट छात्रों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना उच्च न्यायालय ने हैद्रा आयुक्त को लगाई फटकार
अभिभावकों ने राज्य में शैक्षिक विकास के लिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। इंटर बोर्ड के निदेशक कृष्ण आदित्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को बधाई दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



