मोबाइल गेम : लत से मौत तक

गाज़ियाबाद की एक बहुमंज़िला सोसायटी में हाल ही में घटी घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। मोबाइल गेमिंग की लत से जूझ रहीं तीन नाबालिग सगी बहनों द्वारा आत्महत्या की यह त्रासदी केवल एक पारिवारिक हादसा नहीं, बल्कि हमारे समय की एक भयावह सामाजिक सच्चाई है। बारह, चौदह और सोलह वर्ष की उम्र – जहाँ सपने आकार लेते हैं, वहीं तीन जिंदगियाँ यूँ अचानक खत्म हो जाना किसी को भी भीतर तक विचलित करता है।

यह स्वाभाविक है कि पहली प्रतिक्रिया में हम दोष एक मोबाइल गेम पर डाल दें। तकनीक को खलनायक ठहरा देना आसान है। लेकिन सच्चाई इतनी सीधी नहीं होती। कोई भी बच्चा केवल एक गेम के कारण मौत को गले नहीं लगाता। इसके पीछे धीरे-धीरे पनपता अकेलापन, भावनात्मक दबाव, संवाद का टूटना और मानसिक उलझनें होती हैं – जिन्हें समय रहते देखा-समझा नहीं गया!

तीनों बहनें लंबे समय तक ऑनलाइन गेम में डूबी रहीं

बताया जा रहा है कि तीनों बहनें लंबे समय से एक ऑनलाइन गेम में डूबी हुई थीं। उनका सामाजिक दायरा सिमटता चला गया, स्कूल से दूरी बढ़ी और वे बाहरी दुनिया से कटती चली गईं। यह स्थिति अचानक पैदा नहीं होती। यह एक प्रक्रिया है – जिसमें बच्चा धीरे-धीरे वास्तविक जीवन से खिसककर एक आभासी दुनिया में शरण खोजने लगता है। वहाँ उसे लक्ष्य मिलते हैं, आदेश मिलते हैं, पुरस्कार मिलते हैं – और कभी-कभी डर भी।

कहना न होगा कि आज के बच्चों के लिए मोबाइल फोन केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि मित्र, शिक्षक और मनोरंजन – सब कुछ बन चुका है। अभिभावक अक्सर इसे सुविधा मानकर संतोष कर लेते हैं कि बच्चा घर में सुरक्षित है, दिख नहीं रहा, परेशान नहीं कर रहा। पर यही चुप्पी कई बार सबसे बड़ा खतरा बन जाती है। जब संवाद कम होता है, तो बच्चा अपनी उलझनों के जवाब स्क्रिन में खोजने लगता है।

यह घटना हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि, क्या हमारे घरों में बच्चों से खुलकर बात करने की जगह बची है? क्या हम उनके मन की हलचल समझने की कोशिश करते हैं, या केवल परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हैं? जब हम अचानक मोबाइल छीनते हैं, डाँटते हैं या प्रतिबंध लगाते हैं, तो क्या उसके साथ कोई भरोसेमंद बातचीत भी होती है? दरअसल, मानसिक स्वास्थ्य को लेकर हमारी सामाजिक संवेदनशीलता आज भी बेहद कमजोर है। बच्चों के उदास रहने, चिड़चिड़े होने या एकांत पसंद करने को अक्सर उम्र का असर कहकर टाल दिया जाता है। जबकि विशेषज्ञ बताते हैं कि डिजिटल लत अक्सर मानसिक असुरक्षा, दबाव और अवसाद के साथ गहराती है; यह अकेले नहीं आती!

त्रासदी सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं, सभी के लिए चेतावनी

यह त्रासदी सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं है। यह हर उन माता-पिता के लिए चेतावनी है, जो मानते हैं कि मेरे बच्चे के साथ ऐसा नहीं हो सकता। यह स्कूलों, शिक्षकों और नीति-निर्माताओं के लिए भी आत्ममंथन का क्षण है। क्या हमारी शिक्षा व्यवस्था बच्चों को केवल प्रतिस्पर्धा सिखा रही है, या उन्हें भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना भी उसका उद्देश्य है?

समझने वाली बात यह है कि उत्तर आधुनिक सभ्यता से उपजी इस समस्या का समाधान तकनीक को कोसने में नहीं, बल्कि संतुलन बनाने में है। बच्चों को मोबाइल से पूरी तरह काट देना संभव नहीं; और सही भी नहीं! ज़रूरत है संवाद की, भरोसे की और समय की। ज़रूरत है यह सिखाने की कि मदद माँगना कमजोरी नहीं है। ज़रूरत है यह समझने की कि हर बच्चा हर दबाव झेल पाने में सक्षम नहीं होता।

यह भी पढ़ें… भारत-अमेरिका व्यापार समझौता : सतर्कता ज़रूरी !

अंतत बस इतना ही कि वे तीन नन्ही ज़िंदगियाँ अब कभी लौटकर नहीं आएँगी। लेकिन अगर यह घटना हमें और सतर्क, अधिक संवेदनशील और थोड़ा अधिक मानवीय बना सके – तो शायद यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जीवन सबसे बड़ा खेल है, और इसे जीतने का एकमात्र तरीका है – एक-दूसरे का हाथ थामे रखना!

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button