फटे पोस्टर का मातम
एक नेता जी दुखी मन से सोशल मीडिया के कटघरे में खड़े होकर रुआंसे स्वर में कह रहे हैं-यह विपक्षी मुझे फूटी आँख पसंद नहीं करते, जब देखो तब कोई न कोई ऐसी-वैसी खुराफात की कवायद करते रहते हैं, जिससे हमारी पाक-साफ छवि पर बट्टा लगे, पर उनके शैतानी मंसूबे कभी कामयाब नहीं होते। आखिर मेरे पोस्टरों-बैनरों और कटऑउटों ने उनका क्या बिगाड़ा था, जो नुचवा-नुचवा कर फड़वा-फड़वा कर फिंकवा दिए।
अपने हाथों से अपना फटा-नुचा पोस्टर दिखाते हुए, ऐसा भी कोई भला किसी के साथ करता है क्या? जैसे इन लोगों ने मेरे साथ किया। पिछली बार होली की शुभकामनाओं वाले पोस्टर बड़े मन से लगवाये थे, तो उस पर भी इन लोगों ने होली खेली थी। कालिख पोती थी। गोबर पोता था, आखिर ये किस लोक के लोग हैं – आखिर इनके अंदर की सारी इंसानियत क्यों मर गयी है – आखिर इन जलनखोर विपक्षियों का हमने कौन सा गन्ना गोड़ लिया है- कौन से खेत जोत-बो कर हड़प लिए हैं-सच्चाई तो यही है कि इन लोगों को दिन प्रतिदिन हो रही हमारी तरक्की फूटी आँखों से नहीं सुहाती। इसलिए इनके कलेजों पर मोटे-मोटे- सांप लोट रहे हैं-अजगर लोट रहे हैं।
यह भी पढ़ें… केजरीवाल को राहत, कांग्रेस की आफत
पोस्टर फाड़ने के लिए गुंडों को पैसे देने का आरोप
मेरा बढ़ता जनाधार, बढ़ती प्रसिद्धि देखकर यह सब बुरी तरह जल-भुन रहे हैं-इसीलिए हताशा में, निराशा में, यह बिलकुल टपोरियों वाली हरकतों पर अमादा हो चुके हैं। मेरे विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि गांव मोहल्ले के कुछ उठाईगीर टाइप के गुंडों को दस-दस, बीस-बीस रुपये देकर मेरे पोस्टर फड़वाए गए। मेरे कटआउट हटवाये गए-यह घोर निंदनीय जघन्य अपराध है, किसी की बनी-बनाई छवि को बिगाड़ने का, पर मेरे प्यारे भाइयों और बहनों आप लोग जरा भी इसकी चिंता न करें, हम इससे जरा भी विचलित होने वाले नहीं हैं-हम हमेशा जनता की सेवा करते रहेंगे, जनता के लिए हमेशा संघर्ष करते रहेंगे और ऐसे ही हम अपनी शुभकामनाओं-आशीर्वादों के पोस्टर लगवाते रहेंगे ,देखते हैं कितने फाड़ोगे मेरे पोस्टर-बैनर।

उनके भावुक वीडियो पर उनके चमचे और भक्त अपनी भावुक कमेंट जी भर कर उगलते रहे। उलीचते रहे। अगले दिन एक होनहार सोशल मीडिया के कमेंटबाज ने उनकी वीडियो के नीचे टिप्पणी लिखी नेता जी आज का अखबार देख लीजिए,अपने शहर की, सफाई अभियान की जद में,आप भी आ गये हैं, पा करिए कि नगर निगम ने आप के सिर्फ पोस्टर बैनर फड़वाकर ही हटवा दिये, वर्ना और लोगों के बैनर पोस्टरों पर मोटा जुर्माना तक लगाया है। आपका सत्ता से पत्ता जुड़ा है, इसलिए खुदा से अपनी खैर मनाइए, यह खुदा का ही रहमो-करम है कि जिम्मेदारों ने आप को थोड़ी सी इज्जत बख्श दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



