मुंबई : ट्रेन की चपेट में दो की मौत, रेलवे ने किया दुर्घटना खबर को खारिज
मुंबई, महाराष्ट्र के नासिक जिले में रेल की पटरी पार करते समय दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मध्य रेलवे ने बताया कि रेलवे ने कर्मभूमि एक्सप्रेस से यात्रियों के गिरने की खबरों को खारिज कर दिया। मध्य रेलवे (सीआर) ने कहा कि शनिवार रात को हुई इस घटना में रेल यात्री नहीं बल्कि पटरी पार कर रहे लोग शामिल थे।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने सोमवार को बताया कि शनिवार रात नासिक और ओढ़ा के बीच रेलवे पटरियों को पार करते समय कुछ लोग घायल हो गए, जो ट्रेन में यात्रा नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मीडिया में आयी कुछ खबरों और सोशल मीडिया पर गलत दावा किया गया है कि मुंबई से रक्सौल (बिहार) जाते समय तीन युवक भीड़भाड़ वाली कर्मभूमि एक्सप्रेस से गिर गए, जिससे नासिक रोड स्टेशन के पास दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
नीला ने जनता से अफवाह न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि यह गलत है। कोई भी यात्री ट्रेन से नहीं गिरा। यह ट्रेन की पटरी पार करने का मामला है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया।
शिरडी दर्शन के बाद नासिक पहुंचे मजदूर ट्रेन की चपेट में आए
नीला ने बताया कि तीसरे घायल व्यक्ति की पहचान जिमल श्यामजी के रूप में हुई है। होश आने पर उसने अधिकारियों को बताया कि वे मालेगांव शहर के मजदूर थे और शिरडी दर्शन के बाद नासिक आए थे। नासिक में शराब पीने के बाद वे रेल की पटरी पार करने की कोशिश कर रहे थे तभी विपरीत दिशाओं से आ रही दो ट्रेन से उन्हें टक्कर लग गयी।
यह भी पढ़े: बंगाल : ट्रेन की पटरी पार करते समय हादसा, 3 की मौत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मूल रूप से गुजरात के दाहोद के रहने वाले लोगों का समूह मालेगांव में निर्माण मजदूर के रूप में काम कर रहा था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से जनता से अपील की है कि वे कोई भी जानकारी साझा करने से पहले तथ्यों की पुष्टि कर लें और गलत सूचना फैलाने से बचें। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



