मेरा स्टॉप आ गया है : सज्जनार
हैदराबाद, तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक वी.सी. सज्जनार ने अपने कार्यकाल की समाप्ति की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक संदेश साझा किया। पोस्ट में सज्जनार ने संगठन में बिताए चार वर्षों को याद किया और कर्मचारियों व यात्रियों का आभार व्यक्त किया।
सज्जनार ने लिखा कि मेरा स्टॉप आ गया है। निगम की साढ़े चार साल की इस समृद्ध यात्रा के बाद अब मेरे लिए नई राह पर निकलने का समय है। यात्राएं रुकती हैं, यात्री आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन सड़क हमेशा आगे तक फैली रहती है। अब समय है कि मैं इस बस को पार्क कर अगली चुनौती की ओर तेज़ी से बढ़ूँ।

वी.सी. सज्जनार ने आगे कहा कि उनकी गहरी कृतज्ञता उन ड्राइवरों और कंडक्टरों के प्रति है, जो निगम की धड़कन हैं। इसके अलावा उन्होंने सभी अधिकारियों और यात्रियों का भी धन्यवाद दिया, जिनकी निष्ठा ने निगम के पहियों को कभी रुकने नहीं दिया।
यह भी पढ़े : वी.सी. सज्जनार हैदराबाद के नए पुलिस आयुक्त नियुक्त
सज्जनार ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि यह स्वस्थ ग्रह और स्वस्थ जीवन का विकल्प भी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगे भी वे सार्वजनिक परिवहन के प्रबल समर्थक बने रहेंगे। उन्होंने जल्द ही अपने अनुभवों, सीखों और इस अविस्मरणीय यात्रा से मिली अहम बातें विस्तार से साझा करने की भी बात कही।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



