सुंदरगढ़ ऑपरेशन में नक्सलियों का हमला, जवान शहीद

भुवनेश्वर, ओडिशा-झारखंड सीमा पर शनिवार सुबह नक्सल रोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले एवं सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन के एएसआई सत्यवान कुमार सिंह (34) उस टीम का हिस्सा थे, जो माओवादियों द्वारा लूटे गए विस्फोटकों को बरामद करने के लिए सारंडा जंगल में तलाश अभियान चला रही थी।

सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज किया

अधिकारियों ने बताया कि आईईडी में विस्फोट राउरकेला के निकट बलंग गांव के पास सुबह करीब छह बजे हुआ, जब सीआरपीएफ और ओडिशा पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) की एक संयुक्त टीम इलाके में तलाश अभियान चला रही थी। विस्फोट में एएसाआई सत्यवान के पैर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें राउरकेला के एक अस्पताल ले जा गया जहां उनकी मृत्यु हो गई।

सुंदरगढ़ में नक्सल रोधी अभियान के दौरान IED धमाका

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बांको में एक पत्थर खदान के पास से माओवादियों ने 27 मई को करीब पांच टन विस्फोटक लूट लिया था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने लूटे गए विस्फोटकों का अब तक तीन-चौथाई हिस्सा बरामद कर लिया है, हालांकि सुरक्षा बल जिलेटिन के बचे हुए पैकेट की तलाश जारी रखे हुए हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सीआरपीएफ कर्मी की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ओडिशा-झारखंड सीमा पर तलाश अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के एएसआई सत्यवान सिंह के बलिदान के बारे में जानकर दुख हुआ। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर सेवा और साहस का सर्वोच्च मानदंड स्थापित किया है। मैं शहीद जवान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

झारखंड पुलिस ने एक बयान में कहा कि शाम पांच बजे रांची स्थित सीआरपीएफ की 133 बटालियन मुख्यालय में एएसआई सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। (भाषा)

यह भी पढ़ेंभारत ने न्यूयॉर्क में प्रारंभ हुए यूएनसीएसडब्‍ल्‍यू के 69वें सत्र में भागीदारी की

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button