उस्मानिया विश्वविद्यालय में स्टडी एब्रॉड फेयर : 30+ अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी छात्रों से रूबरू
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय के मानव पूंजी विकास केंद्र द्वारा ग्लोबल एजुकेशन करियर फोरमके सहयोग से स्टडी एब्रॉड फेयर-2025 का आयोजन किया गया। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य उन छात्रों के बीच जागरूकता पैदा करना था, जो अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। इस शैक्षणिक मेला में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सहित अन्य देशों के तीस से अधिक विश्वविद्यालयों ने भाग लिया।
उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम ने स्टडी एब्रॉड फेयर का उद्घाटन करते हुए कहा कि वैश्विक संपर्क समय की आवश्यकता है। इस परिप्रेक्ष्य में छात्रों को क्रॉस कल्चर शैक्षिक पाठ्यक्रमों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में पेश किए जाने वाले विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों का भी पता लगा सकते हैं। वफढषि, बागवानी, वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन जैसे विशिष्ट पाठ्यक्रम उच्च माँग में हैं।
यह भी पढ़ें… उस्मानिया यूनिवर्सिटी प्लास्टिक-फ्री कैंपस ओर बढ़ाया कदम
छात्रों को अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ सीधे संवाद का मंच
प्रो. मोलुगरम ने कहा कि यह शैक्षणिक मेला छात्रों को अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ सीधे बातचीत करने में मदद करने वाला प्रभावी मंच है, ताकि वे विभिन्न देशों में उपलब्ध करियर और छात्रवृत्ति के अवसरों को बेहतर ढंग से समझ सकें। यह मंच छात्रों को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से भी जोड़ता है, जो दुनियाभर में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के अवसरों के द्वार खोलते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रो. कुमार मोलुगरम ने विभिन्न देशों के शैक्षणिक प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की, जिसमें अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और सहयोगी पहल को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
मानव पूंजी विकास केंद्र निदेशक प्रो. जी. विजया ने केंद्र की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं तथा करियर जागरूकता वार्ताओं आदि के माध्यम से छात्रों को उद्योग जगत के लिए तैयार होने हेतु मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह शैक्षणिक मेला छात्रों के लिए विदेशों में उपलब्ध विविध पाठ्यक्रमों से परिचित होने का एक माध्यम है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए निर्देशित निर्णय लेने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि यह मेला इंटर्नशिप तथा पूर्णकालिक नौकरियों की तलाश में भी अतिरिक्त लाभ प्रदान करता है।
अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्राचार्य प्रो. पी. चंद्रशेखर, मानव पूंजी विकास केंद्र के समन्वक डॉ. यू. सूर्यवल्ली, आयोजन सचिव लक्ष्मी नारायणन सहित अन्य ने भी विचार रखते हुए कहा कि यह छात्रों को वैश्विक शिक्षा के लिए तैयार करने में सहायता करने हेतु महत्वपूर्ण पहल है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



