लुआंडा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय समुदाय से आह्वान किया है कि वे भारत और अंगोला के साझा विकास तथा आपसी सहयोग को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और जनता के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने की अपार संभावनाएं हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू चार दिवसीय राजकीय दौरे पर अंगोला में हैं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की इस अटलांटिक महासागर तटवर्ती अफ्रीकी देश की पहली राजकीय यात्रा है। अपने दौरे के तीसरे दिन सोमवार को उन्होंने लुआंडा में भारतीय समुदाय के सम्मान में आयोजित एक स्वागत समारोह को संबोधित किया।
दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर जोर
भारत और अंगोला के संबंध आपसी विश्वास, सम्मान और विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित हैं। राष्ट्रपति ने प्रवासी भारतीयों को भारत की “विकास गाथा” का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि वे दोनों देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक सेतु के रूप में कार्य कर सकते हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी कहा कि भारत-अफ्रीका साझेदारी वैश्विक दक्षिण के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, और भारत अंगोला के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और डिजिटल नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को प्रतिबद्ध है।(भाषा)
यह भी पढ़ें– चंद्रबाबू कल से दिल्ली के तीन दिवसीय दौरे पर
