पीएम मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को उनके परिवार सहित भारत आने का निमंत्रण दिया है और कहा कि वह बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए बीएनपी नेता के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

रहमान को लिखे पत्र में मोदी ने कहा कि दो करीबी पड़ोसी होने के नाते भारत और बांग्लादेश के बीच साझा इतिहास, सांस्कृतिक संबंधों और शांति व समृद्धि के लिए लोगों की आकांक्षाओं पर आधारित गहरी मित्रता है। उन्होंने एक पत्र में कहा, ‘‘हमारी विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सामंजस्य हमारे भविष्य के सहयोग के लिए एक मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में कार्य करेगा।”

बांग्लादेश के नए पीएम से मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात कर उन्हें भारत आने का न्योता दिया। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बिरला सुबह ढाका पहुंचे थे। लोकसभा स्पीकर बिरला ने ढाका में नई चुनी हुई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया।

तारिक रहमान को भारत आने का न्योता

मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बिरला ने लिखा, “बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के साथ अभी-अभी एक रचनात्मक बैठक संपन्न हुई। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक व्यक्तिगत पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने पीएम रहमान को शुभकामनाएं दीं और उन्हें जल्द से जल्द भारत आने का निमंत्रण दिया। मैंने भारत की जनता की ओर से हार्दिक बधाई दी और दोनों पड़ोसी देशों के बीच स्थायी साझेदारी को गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।” इससे पहले की गई पोस्ट में बिरला ने दावा किया कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र बनाने के प्रयास में लगे बांग्लादेश का पूरा साथ देने को तैयार है।

भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त, रियाज हमीदुल्लाह ने X पोस्ट में कहा, “शपथ ग्रहण समारोह के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार भेंट की। पीएम रहमान ने भारत और पीएम नरेंद्र मोदी का अभिवादन स्वीकार किया।”

दोनों देशों ने मिलकर काम करने की उम्मीद जताई

रियाज हमीदुल्लाह ने कहा, “माननीय स्पीकर ने भारत की तरफ से शुभकामनाएं और भारत आने को न्योता दिया। दोनों नेताओं ने बांग्लादेश और भारत के लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करने और जन केंद्रित साझेदारी को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।”

तारिक रहमान ने बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली

इससे पहले दिन में, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के चेयरमैन तारिक रहमान ने 13वें पार्लियामेंट्री चुनाव में अपनी पार्टी की बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली। उनके शपथ लेने के बाद, कैबिनेट के दूसरे सदस्यों ने शपथ ली। बीएनपी की 50 सदस्य वाली कैबिनेट में 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ढाका में नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद रहमान से मुलाकात के दौरान यह पत्र उन्हें सौंपा।

एक आधिकारिक बयान में, विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, “इस जरूरी समारोह में स्पीकर का शामिल होना भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और पक्की दोस्ती को दर्शाता है, और दोनों देशों को जोड़ने वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत के पक्के समर्पण को दिखाता है।” इसमें आगे कहा गया, “एक जैसे इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसियों के तौर पर, भारत तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में चुनी हुई सरकार के आने का स्वागत करता है, जिनके विजन और मूल्यों को लोगों का भारी समर्थन मिला है।”(भाषा)

यह भी पढ़ेराष्ट्रीय बालिका दिवस पर अमित शाह का संदेश: लड़कियां हैं ताकत

Exit mobile version