दखलअंदाजी को लेकर पोंगुलेटी व कोंडा सुरेखा में टकराव!
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार के मंत्रियों के बीच आए दिन टकराव देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी मंत्रिमंडल के मंत्री आपस में उलझ रहे हैं, एक-दूसरे के कार्य में दखल करते हुए विवादास्पद टिप्पणियाँ कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जुबली हिल्स उप-चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार की घोषणा के दौरान मंच पर ही परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने एससी कल्याण मंत्री अडलूरी लक्ष्मण कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उस समय माइक ऑन होने के चलते सभी ने टिप्पणी सुन ली।
हालाँकि इस मामले को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व एमएलसी महेश कुमार गौड़ ने दोनों मंत्रियों को बुलाकर सुलझा लिया था। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि धर्मस्व मंत्री कोंडा सुरेखा और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के बीच टकराव की स्थिति बन गई। सूत्रों के अनुसार, कोंडा सुरेखा अपने मंत्रालय में पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी दखलअंदाजी से काफी नाराज नजर नहीं आ रही है।
कोंडा सुरेखा को दरकिनार कर पोंगुलेटी ने जारी की निविदाएँ
बताया जा रहा है कि कोंडा सुरेखा की जानकारी के बिना उनके मंत्रालय से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण फैसले पोंगुलेटी ले रहे हैं। इसी संदर्भ में मेडारम जातरा व मंदिर से संबंधित विकास कार्यों के लिए पोंगुलेटी ने 7 करोड़ रुपये के निविदाएँ जारी करने के आदेश दिए। इस प्रकार कोंडा सुरेखा को बताए बिना निविदा जारी करने के कारण दोनों मंत्रियों के बीच मतभेद उभर गए हैं। पोंगुलेटी के इस व्यवहार को लेकर नाराज चल रही कोंडा सुरेखा ने कल दिल्ली जाकर हाई कमान से शिकायत करने का मन बना लिया।
यह भी पढ़े: तिरुमलागिरी मंडल में 4 हजार एकड़ के लिए दिए जाएँगे पट्टे : पोंगुलेटी
हालाँकि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ दोनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रकार एक सप्ताह के भीतर चार मंत्रियों के बीच मतभेद और टकराव के कारण राजनीति गरम हो गई है। गौरतलब है कि जुबली हिल्स उप-चुनाव में पार्टी टिकट पाने से वंचित पूर्व सांसद व प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष एम. अंजन कुमार यादव भी नाराज चल रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



