प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पूर्वोत्तर के दौरे पर
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री मोदी 13 से 15 सितंबर 2025 तक मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कुल मिलाकर हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मिजोरम में विकास को मिलेगा नया बल
13 सितंबर को प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे मिजोरम की राजधानी आइज़ोल में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें रेलवे, सड़क, बिजली, खेल समेत कई क्षेत्रों से जुड़ी योजनाएँ शामिल हैं। प्रधानमंत्री बैराबी से सैरांग तक 8,070 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जो मिजोरम को पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। यह रेल लाइन चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाके में 45 सुरंगों, 55 बड़े और 88 छोटे पुलों सहित बनाई गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और किफ़ायती यात्रा की सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री आइज़ोल से तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों – सारंग- दिल्ली राजधानी, सारंग- गुवाहाटी एक्सप्रेस और सारंग- कोलकाता एक्सप्रेस – को भी हरी झंडी दिखाएँगे। इससे मिजोरम की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आइज़ोल बाईपास रोड, थेन्जोल-सियालसुक रोड, खानकावन-रोंगूरा रोड जैसी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आइज़ोल में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, खेलो इंडिया बहुउद्देशीय हॉल, कवर्था में आवासीय विद्यालय और त्लांगनुआम में एकलव्य मॉडल स्कूल का उद्घाटन करेंगे। इससे युवाओं और बच्चों के लिए शिक्षा, खेल सुविधाएँ तथा स्वच्छ ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
मणिपुर में समावेशी विकास की पहल
प्रधानमंत्री दोपहर 12:30 बजे मणिपुर के चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें मणिपुर शहरी सड़क, जल निकासी, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएँ, इन्फोटेक विकास तथा महिला छात्रावास शामिल हैं। दोपहर 2:30 बजे इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिसमें मंत्री पुखरी स्थित सचिवालय, आईटी एसईजेड भवन, नया पुलिस मुख्यालय तथा चार जिलों में महिलाओं के लिए इमा मार्केट जैसी योजनाएँ शामिल हैं।
असम में संस्कृति और बुनियादी ढाँचे को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री शाम 5 बजे गुवाहाटी में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे और उनके योगदान को सम्मानित करेंगे। इसके बाद 14 सितंबर को असम में 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दरांग में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना तथा ब्रह्मपुत्र नदी पर कुरुवा-नारंगी पुल जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य सेवाएँ मजबूत होंगी। गोलाघाट में नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड में असम बायोएथेनॉल संयंत्र और पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में सैन्य तैयारियों को मिलेगी गति
15 सितंबर को प्रधानमंत्री कोलकाता में 16वें संयुक्त कमांडर सम्मेलन-2025 का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन देश के सैन्य नेतृत्व को एक मंच पर लाकर भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों और सैन्य सुधारों पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगा। सम्मेलन का विषय “सुधार का वर्ष – भविष्य के लिए परिवर्तन” रखा गया है।
बिहार में शिक्षा, ऊर्जा और कृषि क्षेत्र में नए आयाम
प्रधानमंत्री 15 सितंबर को बिहार का दौरा करेंगे। वे पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और लगभग 36,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इनमें राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का उद्घाटन, भागलपुर में ताप विद्युत परियोजना, कोशी-मेची नदी जोड़ परियोजना तथा रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाएँ शामिल हैं। बिहार में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नए कार्यक्रम शुरू होंगे और किसानों को तकनीकी सहायता दी जाएगी। साथ ही वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेन सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को गृह प्रवेश की सुविधा देंगे और सेक्स सॉर्टेड सीमेन सुविधा का उद्घाटन करेंगे, जिससे डेयरी क्षेत्र को नया बल मिलेगा। इस दौरे से पूर्वोत्तर और बिहार में आधारभूत ढाँचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और संपर्क सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है। प्रधानमंत्री की ये पहल क्षेत्रीय समृद्धि, रोज़गार के अवसर, पर्यटन विकास और सामाजिक उत्थान में अहम भूमिका निभाएंगी। ( PIB)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



