अंतरिक्ष विभाग की हिंदी समिति में प्रो. ऋषभदेव शर्मा मनोनित
हैदराबाद, मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र में हिंदी परामर्शी के रूप में कार्यरत प्रतिष्ठित हिंदी विद्वान प्रो. ऋषभदेव शर्मा को भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग एवं परमाणु ऊर्जा विभाग की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
कवि, समीक्षक, पत्रकार और समर्पित हिंदी सेवी प्रो. ऋषभदेव शर्मा लंबे समय से दक्षिण भारत में हिंदी भाषा और साहित्य की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उच्च शिक्षा एवं शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के आचार्य के रूप में उन्होंने लगभग 150 शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है।
प्रो. शर्मा की 35 मौलिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जबकि उनके संपादन में 100 से अधिक साहित्यिक एवं अकादमिक ग्रंथ प्रकाशित किए गए हैं। वर्ष 1957 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जन्मे प्रो. ऋषभदेव शर्मा राष्ट्रभाषा और विश्वभाषा के रूप में हिंदी की सशक्त दावेदारी के मुखर समर्थक रहे हैं। वे भाषाई शुद्धतावाद की तुलना में हिंदी के लचीलेपन और व्यापक स्वीकार्यता को अधिक महत्व देने के लिए जाने जाते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



