पंजाब बाढ़ : कपूरथला ब्यास नदी में व्यक्ति का शव मिला
कपूरथला, पंजाब के कपूरथला में बृहस्पतिवार को लापता हुए 40 वर्षीय व्यक्ति का शव ढिलवां में ब्यास नदी में मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई एजेंसियों ने समन्वय किया है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद अब तक 7,600 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
भोलाथ के पुलिस उपाधीक्षक करनैल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान ढिलवां के निवासी बूटा मोहम्मद के रूप में हुई है, जो बृहस्पतिवार से लापता था। सिंह ने कहा कि वह फिसलकर बहते पानी में गिर गया था। इस बीच, ब्यास नदी का पानी कम होने लगा है जिससे बाढ़ प्रभावित लोगों को कुछ राहत मिली है।
यह भी पढ़े: बारिश का कहर : जम्मू कश्मीर में मृतकों की संख्या 41 हुई, उत्तर भारत में जल जमाव
हालांकि, 50,000 एकड़ से ज्यादा इलाके में धान की फसल अब भी पांच फुट पानी में डूबी हुई है। राज्यसभा सदस्य बलबीर सिंह सीचेवाल और उनके समर्थकों ने सुल्तानपुर लोधी के मंड इलाकों में बाढ़ प्रभावित किसानों के घर जाकर उन्हें भोजन परोसा और किराने का सामान भी वितरित किया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



