राहुल के आतंकवादी संगठनों के साथ जुड़े हैं तार : बंडी संजय

हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने संदेह जताया कि कांग्रेस सांसद व विपक्षी नेता राहुल गांधी के आतंकवादी संगठनों के साथ तार जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विदेश में राहुल भारत को तोड़ने के षड्यंत्र रचने वालों के साथ हाथ मिला रहे हैं, उससे संदेह हो रहा है।

भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत सिकंदराबाद के ऐतिहासिक उज्जैनी महाँकाली मंदिर में दर्शन के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने कहा कि जिस प्रकार देश को तोड़कर अलग देश की माँग कर रहे आतंकी संगठन राहुल के बयानों का समर्थन कर रहे हैं, उससे उनके आतंकी संगठनों के साथ तार जुड़े होने की शंका हो रही है। उन्होंने इंडियन नेशनल कांग्रेस (एआईसीसी) का अर्थ इटली नेशनल कांग्रेस बताते हुए सभी को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के तीन टुकड़े कर दिए थे, यदि राहुल गांधी सत्ता में आएँगे, तो देश के 7 टुकड़े करने का खतरा है। उन्होंने राहुल गांधी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में सिखों को सिर पर पगड़ी बांधने व हाथ में कड़ा पहनने तक की परिस्थितियाँ नहीं है कहना शर्मनाक है। दरअसल सिखों के बारे में बात करने का राहुल गांधी को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस शासन में 1984 के दंगों के दौरान जिस प्रकार सिखों की खुले आम निर्मम हत्या व नरसंहार किया गया, वह दर्दनाक व निंदनीय था। राहुल की देशद्रोही टिप्पणियों का देश के हर नागरिक को करारा जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा माँग करती है कि देशद्रोही टिप्पणियाँ करने वाले राहुल गांधी भारत छोड़कर चले जाएँ और देश से सार्वजनिक रूप में माफी माँगें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हैद्रा का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोध नहीं कर रही है, लेकिन गरीब व मध्यवर्ग के घर ढहाए जाएँगे तो चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार से प्रश्न किया कि अवैध निर्माणों को खुद ढहाने की चेतावनी जिस प्रकार दी जा रही है, वह ठीक नहीं है, क्योंकि सरकार बताए अवैध निर्माणों को अधिकारियों ने अनुमति कैसे दी? बैंकों ने कर्ज कैसे दिया? सरकार ने रजिस्ट्रेशन कैसे किया? अब इतना सब करके गरीब द्वारा घर बनाया गया, तो उसे ढहाने की धमकी देना शोचनीय है। उन्होंने कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि 17 सितंबर को निजाम के निरंकुश शासन से मुक्ति पाने वाले हैदराबाद में सरकार द्वारा प्रजा पालना दिवस मनाने की घोषणा करना शोचनीय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button