राजस्थानी पॉली क्लीनिक ने मनाया रजत जयंती उत्सव

हैदराबाद, मैदान खाँ चौक, चारमीनार ईस्ट स्थित राजस्थानी चैरिटेबल पॉली क्लीनिक एण्ड डायग्नास्टिक सेंटर सेवा साधना के 25 वर्ष पूर्ण कर 26वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस उपलक्ष्य में हिमायतनगर स्थित होटल में समारोह आयोजित किया गया जिसमें नगरद्वय के डॉक्टर्स व समाज सेवी उपस्थित थे। उपरोक्त जानकारी पॉली क्लीनिक के संस्थापक सदस्य एवं वर्तमान में संचालक ब्रिजगोपाल राठी एवं श्रीगोपाल व्यास द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गयी।

अवसर पर संस्था की जानकारी देते हुए महेश व्यास ने बताया कि सन् 2000 में नगरद्वय के चिकित्सक डॉ. बजरंगप्रताप के मार्गदर्शन में आरम्भ किये गये इस अस्पताल ने आज विशाल रूप ले लिया है। इसमें कई प्रसिद्ध चिकित्सक अति न्यूनतम फीस पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। आउट पेशेन्ट की सुविधा भी सुबह 9 से रात 8 बजे तक उपलब्ध है। पैथालॉजिकल डिपार्टमेन्ट के बारे में डॉ. नवलकिशोर बजाज ने बताया कि प्रारंभ में इसे डॉ. शीला कलंत्री के मार्गदर्शन में स्थापित किया गया था और आज यहाँ रक्त, मूत्र व मल संबंधी हर प्रकार के टेस्ट अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से होते हैं। इसके अलावा डिजिटल एक्स रे, 2डी ईको, ईसीजी, ईईजी आदि सेवाएँ अत्यंत न्यूनतम दरों पर प्रदान की जा रही हैं।

सेवा भाव और चैरिटेबल क्लीनिक की प्रेरक कहानी

अवसर पर सम्बोधित करते हुए डॉ. बजरंगप्रताप माथुर ने बताया कि इस महंगाई के दौर में चिकित्सा आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। मैं इसी क्षेत्र का हूँ और मेरी प्रबल इच्छा थी कि चैरिटेबल क्लीनिक इस क्षेत्र में खोला जाए। यहाँ के राजस्थानी भाइयों ने मुझे आश्वासन दिया कि आपके मार्गदर्शन में हम यह कार्य करने तैयार हैं। छोटी सी जगह से सेवा आरंभ हुई, जिसने आज विशाल रूप ले लिया है। अस्पताल से जुड़े एक और डॉक्टर सुमित सिन्हा ने बताया कि हमें अभी इसे और बढ़ाना है, लेकिन स्थान की कमी के कारण एमआरआई आदि की मशीनें नहीं ला पा रहे हैं।

विशेष रूप से आमंत्रित नगरद्वय के चिकित्सक डॉ. आर.एम. साबू ने अपने आशीर्वचन में कहा कि मैं उद्घाटन के समय भी उपस्थित था और आज भी मुझे आमंत्रित किया गया है। जहाँ सेवा भाव होते है, वहाँ राह अपने आप मिलती जाती है। नगरद्वय के पुराने शहर में मानवता के लिये चलाया जा रहा यह सेंटर अपने आप में मिसाल है। उन्होंने डॉ. बजरंगप्रताप, डॉ. सुमित सिन्हा, डॉ. राजेश सोनी, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. रमेश बंग, डॉ. विमल प्रसाद को बधाई देते हुए कहा कि ये वो लोग हैं जो आरम्भ से ही इस सेंटर से निस्वार्थ भाव से जुड़े हैं।

यह भी पढ़ें… महावीर भवन में ज्ञान क्रिकेट मैच आयोजित

चैरिटेबल क्लीनिक की सेवा यात्रा और सम्मान समारोह

साबू ने सेंटर के स्वर्णिम भविष्य की कामना की। डॉ. आदर्श व्यास के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। अवसर पर महेश बैंक के चेयरमैन रमेश कुमार बंग, निदेशक मुरलीमनोहर पलोड, किशनगोपाल मणियार, माहेश्वरी समाज हैदराबाद-सिकन्दराबाद के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण राठी, सदस्य बजरंगलाल झँवर, पारिक समाज हैदराबाद-सिकन्दराबाद के विष्णु पुरोहित, गणेशलाल जोशी, ब्रिजगोपाल जोशी, दिलीप पुरोहित, विप्र फाउण्डेशन के भगवानदास व्यास, रामदेव नागला, सुरेश व्यास, श्रीलाल पारिक एवं अन्य ने डॉ. बजरंगप्रताप, ब्रिजगोपाल राठी, श्रीगोपाल व्यास का सम्मान करते हुए सुनहरे भविष्य की कामना की।

अवसर पर डॉ. शीला कलंत्री, डॉ. राजेश अग्रवाल, डॉ. राधा नायक, डॉ. अंजूश्री, ओ.पी. शर्मा, अग्रसेन बैंक के चेयरमैन प्रमोद केड़िया, वाइस चेयरमैन नवीन अग्रवाल, राजेन्द्र पित्ती, डी.पी. तिवारी, ओमप्रकाश तोष्नीवाल, सुरेश टण्डन, रामकिशन चौधरी, पुरुषोत्तम बजारी, अनंत काबरा, रमेश व्यास, भगवानदास गाँधी, दिनेश व्यास, हरिप्रसाद चाण्डक, मोहन खटोड़ आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button