रामचंदर राव ने की हैद्रा पर श्वेतपत्र जारी करने की माँग

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी पर मूसी सौंदर्यीकरण परियोजना के बीच गतिरोध पैदा करने के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया और कहा कि दरअसल मुख्यमंत्री को जुबली हिल्स उपचुनाव में हार के डर से किशन रेड्डी फोबिया हो चुका है।

भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने जुबली हिल्स उपचुनाव प्रचार में भाजपाइयों की मेहनत को सराहा और विश्वास जताया कि जिस प्रकार भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों व नेताओं का प्रचार रहा है, उससे भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे परियोजना को भाजपा ने 45 हजार करोड़ रुपये खर्च से पूरा किया, लेकिन अब तक रेवंत रेड्डी सरकार ने मूसी पर डिटेल्ड प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तक केंद्र को नहीं सौपी है तो परियोजना में गतिरोध पैदा करने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।

रामचंदर राव ने रेवंत पर धर्म और राजनीति में आरोप लगाए

रामचंदर राव ने कहा कि दरअसल मुख्यमंत्री को किशन रेड्डी और भाजपा फोबिया हो चुका है, इसलिए अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत सरकार से हैदराबाद डिसास्टर रेस्पांस एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (हैद्रा) पर श्वेत-पत्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि हैद्रा के जरिए गरीबों की संपत्तियों को ढहा रही कांग्रेस सरकार क्यों मजलिस विधायक दल नेता अकबरुद्दीन ओवैसी के फातिमा कॉलेज को नहीं ढहा रही है।

रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस दोनों भाजपा को कमजोर करने के पूरे प्रयास कर रही हैं, जिसके तहत सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं के बीच मतभेद होने संबंधी गलत खबरें फैलायी जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नेताओं के बीच कोई मतभेद नहीं हैं बल्कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और मंत्रियों के बीच मतभेद है। उन्होंने कहा कि कब मुख्यमंत्री की कुर्सी हथियाई जाए, इसको लेकर मंत्री इंतजार में हैं। इसलिए भाजपा पर बोलने से पहले रेवंत रेड्डी खुद अपनी पार्टी के नेताओं को संभालें।

रामचंदर राव ने कहा कि भाजपा को सांप्रदायिक पार्टी बताने वाले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने खुद ही कांग्रेस है तो मुसलमान हैं जैसे सांप्रदायिक बयान देकर चुनाव में धर्म को घोला है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सिर पर टोपी पहनकर मुख्यमंत्री प्रचार कर रहे हैं, उससे लग रहा है कि मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण कर लिया है और वे रेवंतुद्दीन बन गये हैं। उन्होंने प्रश्न किया कि क्या कांग्रेस को केवल मुसलमानों के ही वोट चाहिए।

यह भी पढ़ें… पुराने शहर में हिन्दू बालिकाएँ खतरे में : बंडी संजय

महेश्वर रेड्डी ने रेवंत पर डर्टी पॉलिटिक्स का आरोप लगाया

अवसर पर भाजपा विधायक दल के नेता ए. महेश्वर रेड्डी ने मुख्यमंत्री द्वारा केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और केटीआर को बैड ब्रदर्स बताए जाने को लेकर पलटवार करते हुए उन पर डर्टी पॉलिटिक्स करने का आरोप लगाया और कहा कि दरअसल मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पूर्व मंत्री टी. हरीश राव डर्टी ब्रदर्स हैं। उन्होंने कहा कि पेद्दम्मागुड़ी को ढहाकर कब्रिस्तान को भूमि देने के प्रयास करना क्या डर्टी पॉलिटिक्स नहीं है।

रामचंदर राव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी पर तेलंगाना के लिए एक रुपया तक नहीं लाने के आरोप लगा रहे रेवंत रेड्डी को पता होना चाहिए कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले 10 सालों में तेलंगाना को साढ़े तेरह लाख करोड़ रुपये का सहयोग किया है और यह बात विधानसभा में खुद उन्होंने (महेश्वर रेड्डी ने) बताई है। उन्होंने कहा कि दरअसल मुख्यमंत्री को जुबली हिल्स की जनता से वोट तक मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है आखिरकार 2 साल के शासन में जुबली हिल्स के लिए किया क्या है जो वोट मांग रहे हैं।

रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की कुर्सी खतरे में है, इसलिए तुष्टीकरण की राजनीति करते हुए मुसलमान हैं तो कांग्रेस जैसे बयान देकर कुर्सी बचाने के प्रयास कर रहे हैं। अवसर पर सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, विधान परिषद सदस्य मल्का कोमरय्या, भाजपा विधायक दल के उपनेता पायल शंकर, विधायक रामाराव पाटिल, विधायक पैडी राकेश रेड्डी आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button