रामचंदर राव ने चुनावों में जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिक्षण महाअभियान आरंभ

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने नगर निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की। नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिक्षण महाभियान-2026” की राज्य स्तरीय कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

रामचंदर राव ने कहा कि हाल ही में नगर पालिका और नगर निगम चुनावों के परिणाम भाजपा के बढ़ते जनाधार का स्पष्ट प्रमाण हैं। चेयरमैन, मेयर, डिप्टी मेयर और वाइस-चेयरमैन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पार्टी की सफलता गौरव का विषय है। नारायणपेट में पार्टी को विजय दिलाने वाले कार्यकर्ताओं की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि भैंसा नगर पालिका में मजलिस पार्टी के वर्चस्व को ध्वस्त कर ऐतिहासिक जीत हासिल करना कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और संगठन की मजबूती का परिणाम है।

रामचंदर राव ने कहा कि लगभग 14 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, लेकिन उसकी वास्तविक शक्ति संख्या नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी के भीतर सभी चुनाव और प्रक्रियाएं पूरी तरह लोकतांत्रिक ढंग से संचालित होती हैं, जबकि अन्य दल परिवार-आधारित संरचना में बिना स्पष्ट विचारधारा के केवल सत्ता प्राप्ति के लक्ष्य से कार्य करते हैं। 

संघर्ष और विचारधारा से मजबूत हुई पार्टी, सत्ता लक्ष्य तय

पार्टी के इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद यात्रा भारतीय जनसंघ से शुरू हुई और अनेक संघर्षों तथा बलिदानों के बाद 1980 में भाजपा का गठन हुआ। कठिन परिस्थितियों, विशेषकर कुछ राज्यों में कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों के बावजूद पार्टी ने कभी अपनी विचारधारा और राष्ट्रवाद से समझौता नहीं किया। आज की मजबूती उन्हीं त्यागों की नींव पर खड़ी है।

राव ने स्पष्ट किया कि इस महाअभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना, आगामी चुनावों के लिए संगठन को तैयार करना और तेलंगाना में भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करना है। कार्यशाला में पार्टी की विचारधारा, राजनीतिक परिदृश्य और राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया तथा संगठन को और मजबूत करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर चंद्रशेखर तिवारी, भाजपा के महासचिव तरुण चुग, प्रदेश प्रभारी अभय पाटिल, प्रदेश महासचिव डॉ. एन. गौतम राव, वीरेंद्र गौड़, वेमूला अशोक, उपाध्यक्ष कासम वेंकटेश्वरलू सहित राज्य पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और विभिन्न जिलों के प्रभारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Exit mobile version