Ranji Trophy: 65 साल बाद दिल्ली पर जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक जीत
नई दिल्ली, जम्मू-कश्मीर की टीम ने रणजी ट्रॉफी का इतिहास पलट दिया है। रणजी ट्रॉफी के 65 साल के इतिहास में पहली बार जम्मू-कश्मीर की टीम ने दिल्ली को हराया।
179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम के ओपनर कमरान इकबाल ने 133 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई। टीम की जीत के वास्तविक हीरो कप्तान पारस डोगरा, आकिब नबी, अब्दुल समद और वंशज शर्मा रहे।
दरअसल, रणजी ट्रॉफी के इतिहास में 65 सालों में पहली बार जम्मू-कश्मीर की टीम ने दिल्ली को हराया। मैच में जम्मू-कश्मीर की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।

दिल्ली की पहली पारी 211 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कप्तान आयुष बदोनी और आयुष डोसेजा के बीच 107 रन की साझेदारी हुई। आयुष बदोनी ने 82 गेंदों पर 64 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे, जबकि आयुष डोसेजा ने 65 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। टीम की ओर से सुमित माथुर ने 55 रन की नाबाद पारी खेली।
आकिब नबी की घातक गेंदबाजी
जम्मू-कश्मीर की ओर से आकिब नबी ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 16 ओवर में 5 मेडन ओवर डालते हुए 35 रन खर्च कर 5 विकेट लिए। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 2.18 रहा।

उनके अलावा वंशज शर्मा और आबिद मुश्ताक को 2-2 विकेट मिले, जबकि सुनील कुमार के खाते में 1 विकेट आया।
कप्तान पारस डोगरा की शतकीय पारी
पहली पारी में जम्मू-कश्मीर की ओर से कप्तान पारस डोगरा ने 106 रन की शानदार पारी खेली। अब्दुल समद ने 115 गेंदों पर 85 रन बनाए, जबकि कन्हैया वधावन ने 47 रन जोड़े।
इस तरह जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 310 रन पर सिमटी और टीम को पहली पारी के आधार पर 99 रन की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में कमरान इकबाल का शतक
दिल्ली की दूसरी पारी में कप्तान आयुष बदोनी ने 72 रन, जबकि आयुष डोसेजा ने 62 रन बनाए। सनत सांगवान और यश ढुल ने 34-34 रन की उपयोगी पारियाँ खेलीं।

जम्मू-कश्मीर के वंशज शर्मा ने गेंद से कहर बरपाते हुए 6 विकेट झटके और एक मेडन ओवर भी फेंका। साहिल लूथरा के खाते में 3 विकेट, जबकि आबिद मुश्ताक को 1 विकेट मिला। इस तरह जम्मू-कश्मीर को दूसरी पारी में जीत के लिए 179 रन का लक्ष्य मिला।
कमरान इकबाल की विजयी पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए कमरान इकबाल ने शानदार बल्लेबाज़ी की और 147 गेंदों पर 20 चौके व 3 छक्कों की मदद से 133 रन की नाबाद पारी खेली। शुभमन खजुरिया ने 8 गेंदों पर 8 रन बनाए, जबकि विव्रांत शर्मा मात्र 3 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान पारस डोगरा ने 10 रन की नाबाद पारी खेली। इस तरह जम्मू-कश्मीर की टीम ने 43.3 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



