लोअर मानेर डैम पर दुर्लभ पक्षियों की ड्रोन से छेड़छाड़, पक्षी प्रेमियों ने जताया आक्रोश
हैदराबाद, करीमनगर स्थित लोअर मानेर डैम पर कुछ लोगों द्वारा प्रतिबंध के बावजूद ड्रोन उड़ाकर दुर्लभ पक्षियों के वीडियो और तस्वीरें बनाने का मामला सामने आया है। ड्रोन से दुर्लभ पक्षियों के साथ की गई संवेदनहीन हरकत ने पक्षी प्रेमियों को आक्रोशित कर दिया ।
बताया गया कि एक व्यक्ति ने ड्रोन की मदद से इंडियन स्किमर पक्षियों के झुंड को डराते हुए उनके बेहद करीब उड़ान भरी। इंडियन स्किमर दुर्लभ प्रजाति में शामिल है और तेलंगाना में केवल मानेर डैम पर ही यह सीमित संख्या में देखा जाता है।
बर्ड वॉचर्स के अनुसार, दुनिया भर में इंडियन स्किमर की संख्या करीब 4 हजार रह गई है, जिनमें से लगभग 200 पक्षी इस डैम को अपना आश्रय बनाए हुए हैं। यह पक्षी अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ द्वारा संकटग्रस्त घोषित है।
ड्रोन उड़ाने से इंडियन स्किमर और ऑस्प्रे पक्षी घबरा गए
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि ड्रोन के पीछा करने से घबराए पक्षी इधर-उधर उड़ते नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में ड्रोन को एक ऑस्प्रे (मछलीमार चील) के बेहद करीब उड़ते हुए देखा गया, जो पंजों में मछली पकड़े हुए था। ड्रोन की वजह से वह पक्षी बार-बार घबरा गया। ऑस्प्रे भी डैम पर आने वाला प्रवासी पक्षी है।
हैदराबाद बर्डिंग पाल्स के बर्ड वॉचर्स ने रविवार को डैम के पोट्टूर ब्रिज क्षेत्र में 554वीं बर्ड वॉक आयोजित की। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो और तस्वीरें उनकी टीम के किसी सदस्य द्वारा नहीं ली गईं। सोमवार सुबह यह दृश्य सोशल मीडिया पर सामने आए, जिसके बाद बर्ड वॉचर्स में तीखी बहस छिड़ गई और दोषी की पहचान कर वन विभाग की मदद से मामला दर्ज कराने की पहल शुरू की गई।
यह भी पढ़ें… सरकारी कर्मचारियों का महँगाई भत्ता बढ़ा
अनुभवी बर्डर गोपालकृष्ण आर. ने कहा कि यदि ड्रोन पक्षियों से टकरा जाए, तो उन्हें गंभीर चोट लग सकती है और डर के कारण वह इस सुरक्षित आवास को छोड़ भी सकते हैं। वहीं फानी कृष्ण रवि ने कहा कि अब तक डैम पक्षियों के लिए सुरक्षित शरणस्थली रहा है, लेकिन इस घटना में न केवल इंडियन स्किमर, बल्कि कई अन्य दुर्लभ प्रवासी पक्षियों को भी परेशान किया गया। इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण और ड्रोन नियमों के सख्त पालन की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



